टिकट कटते ही AAP को लगा 440 वोल्ट का झटका; चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल, मची खलबली

टिकट कटते ही AAP को लगा 440 वोल्ट का झटका; चरणजीत सिंह अकाली दल में शामिल, मची खलबली

पंजाब की सियासत में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को रविवार को उस समय बड़ा राजनीतिक झटका लगा, जब चमकौर साहिब से मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने पार्टी से किनारा कर लिया। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को शिकस्त देकर पूरे राज्य में चर्चा बटोरने वाले विधायक चरणजीत सिंह अब शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के खेमे में चले गए हैं। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में उन्होंने औपचारिक रूप से अकाली दल का दामन थाम लिया, जिससे मालवा क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण फिर बदलते नजर आ रहे हैं।

इस बगावत और दल-बदल की सीधी वजह चमकौर साहिब सीट से टिकट कटना बनी। आम आदमी पार्टी ने आगामी चुनावी जंग के लिए चरणजीत सिंह का पत्ता काटते हुए पंजाब बसपा के पूर्व अध्यक्ष और पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व प्रमुख जसवीर सिंह गढ़ी को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया था। टिकट कटने के तुरंत बाद विधायक ने तीखे तेवर दिखाते हुए साफ कर दिया था कि वे मैदान नहीं छोड़ेंगे और किसी भी कीमत पर चुनाव लड़ेंगे। अपने दर्द को बयां करते हुए चरणजीत सिंह ने कहा कि उन्होंने पूरे कार्यकाल के दौरान बिना किसी भ्रष्टाचार या आरोप के ईमानदारी से क्षेत्र की सेवा की। उन्होंने कभी किसी मंत्री पद या अतिरिक्त लाभ की मांग नहीं रखी, इसके बावजूद पार्टी ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया।

चरणजीत सिंह का चुनावी इतिहास इस सीट पर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। वर्ष 2017 के चुनाव में वे चमकौर साहिब सीट से चुनाव हार गए थे, लेकिन 2022 में उन्होंने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। उस चुनाव में आप के टिकट पर लड़ते हुए चरणजीत सिंह को 70,248 वोट मिले थे, जबकि कांग्रेस के मुख्यमंत्री उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी को 62,306 वोट हासिल हुए थे। करीब 7,942 मतों के अंतर से चन्नी को पटखनी देकर चरणजीत सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोरी थीं। अब उसी कद्दावर चेहरे का पार्टी छोड़ना आप के स्थानीय कैडर के लिए नुकसानदेह माना जा रहा है।

चरणजीत सिंह का अकाली दल में यह प्रवेश उस अहम वक्त पर हुआ है जब पंजाब में नए सिरे से चुनावी मोर्चेबंदी शुरू हो चुकी है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का आधिकारिक ऐलान किया है। नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सुखबीर सिंह बादल की संयुक्त प्रेस वार्ता के साथ दोनों दलों का छह साल पुराना गतिरोध खत्म हुआ। सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में टूटे इस 24 साल पुराने गठबंधन की वापसी के बाद अब भाजपा-शिअद गठबंधन सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और मुख्य विपक्षी कांग्रेस के सामने मजबूत चुनौती पेश करने की रणनीति पर काम कर रहा है।