20 लाख के इनामी 5 नक्सलियों ने डाल दिए हथियार! कांकेर में डिवीजन कमांडर समेत सरेंडर, बीजापुर में 50 BGL सेल बरामद!
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के विरुद्द जारी अभियान के तहत सुरक्षाबलों और पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांकेर जिले में कुल 20 लाख रुपये के इनामी 5 नक्सलियों ने अपने स्वचालित हथियारों के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में डिवीजन कमांडर चंदर भी शामिल है। नक्सल विरोधी मुहिम के लिहाज से इस घटनाक्रम को बेहद अहम माना जा रहा है। कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के मुताबिक, सरेंडर करने वाले नक्सलियों में एक डिवीजन कमांडर चंदर, दो एरिया कमांडर और दो पार्टी सदस्य शामिल हैं, जिनके विरुद्द आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इसी महीने बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली थी, जब उसूर थाना क्षेत्र के पुजारीकांकेर के जंगलों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों का छिपाया हुआ डंप मिला था। इस डंप से 50 बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (BGL) सेल बरामद किए गए थे। आशंका जताई जा रही थी कि नक्सली इन बीजीएल सेल का इस्तेमाल आईईडी विस्फोटक तैयार करने और सुरक्षाबलों पर हमला करने के लिए कर सकते थे, लेकिन समय रहते डंप मिलने से बड़ी साजिश नाकाम हो गई।
खुफिया सूचना के आधार पर पुजारीकांकेर के जंगलों में उसूर, आवापल्ली, पामेड़ और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान चलाया था। संदिग्ध स्थानों की गहन जांच में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप से 50 बीजीएल सेल जब्त किए गए, जिसके बाद उसूर थाने में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। गौरतलब है कि इससे पहले अगस्त में सुकमा जिले में भी पुलिस ने नक्सली डंप बरामद किया था, जहां से बड़ी संख्या में स्वचालित हथियार, ग्रेनेड और लॉन्चर मिले थे।