विदाई से ठीक पहले 20 लाख की डिमांड! बिना दुल्हन के ही दिल्ली लौटी बरात, देहरादून में बड़ा हंगामा!

विदाई से ठीक पहले 20 लाख की डिमांड! बिना दुल्हन के ही दिल्ली लौटी बरात, देहरादून में बड़ा हंगामा!

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के कुछ ही घंटों बाद दहेज के विवाद में एक रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया। गुरुद्वारे में सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने की कसमें खाने के बाद दूल्हे और उसके परिजनों पर विदाई से ठीक पहले 20 लाख रुपये की नकदी मांगने का गंभीर आरोप लगा है। दुल्हन के परिवार द्वारा इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताने पर ससुराल पक्ष नवविवाहिता को साथ ले जाने से मुकर गया, जिसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही बरात लेकर दिल्ली लौट गया और दुल्हन अपने मायके में ही रह गई।

दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, देहरादून निवासी युवती का विवाह 27 नवंबर को दिल्ली निवासी युवक के साथ पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ था। फेरों के बाद एक क्लब में मेहमानों के लिए रिसेप्शन पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि रिसेप्शन से पहले ब्यूटी पार्लर में तैयार होने के दौरान दूल्हे के भाई और भाभी ने दहेज में 20 लाख रुपये की मांग को लेकर दुल्हन और उसके भाई को अपमानित किया और विदाई से पहले पैसे का इंतजाम करने का दबाव बनाया। इसके बाद जब शाम करीब साढ़े आठ बजे दोनों पक्ष रिसेप्शन स्थल पहुंचे, तो वहां भी बात बिगड़ने लगी और दूल्हा पक्ष ने तत्काल रुपये देने की जिद पकड़ ली। पैसे न मिलने पर उन्होंने शादी तोड़ने की धमकी दी और बरातियों को खाना खाने से रोक दिया, जिससे सारा भोजन बर्बाद हो गया।

मामले को लेकर शनिवार को दुल्हन पक्ष ने देहरादून महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर, दूल्हा पक्ष के रिश्तेदारों ने आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि नशे की हालत में कुछ गलतफहमी पैदा हुई थी। उनका दावा है कि वधू पक्ष की ओर से भी कुछ मांगें रखी गई थीं, जिनमें से कुछ पूरी हुईं और कुछ पर सहमति नहीं बन सकी। उनका कहना है कि वे विवाद सुलझाकर दुल्हन की विदाई चाहते हैं। मामले में एसपी सिटी शेखर सुयाल का कहना है कि पुलिस पहले शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच करेगी, दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे और तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।