उत्तराखंड से सीधे नेपाल जाना होगा आसान: नेपालगंज और महेंद्रनगर के लिए जल्द दौड़ेंगी रोडवेज बसें, 16 परमिट मिले

उत्तराखंड से सीधे नेपाल जाना होगा आसान: नेपालगंज और महेंद्रनगर के लिए जल्द दौड़ेंगी रोडवेज बसें, 16 परमिट मिले

उत्तराखंड से नेपाल की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने सीमा पार नेपाल के प्रमुख शहरों नेपालगंज और महेंद्रनगर तक अपनी साधारण बस सेवा शुरू करने की कवायद तेज कर दी है। इसके लिए रोडवेज को 16 बस परमिट मिल चुके हैं। 

मौजूदा वक्त में रोडवेज द्वारा हरिद्वार से रुपईडीहा और देहरादून से बनबसा सीमा तक ही बसों का संचालन किया जाता है, लेकिन अब यात्रियों को सीमा पार कर बस बदलने की झंझट से मुक्ति मिलेगी और सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा।

परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देशों के तहत आम यात्रियों को सस्ता, सुरक्षित और सुलभ सफर मुहैया कराने के मकसद से साधारण श्रेणी की बसों को पहले चरण में उतारने का फैसला लिया गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के अनुसार, मौजूदा समय में नेपाल के बस ऑपरेटर मुख्य रूप से एसी बसों का संचालन कर रहे हैं, जबकि रोडवेज यहां से किफायती साधारण बसें चलाने की तैयारी में है। इसी को ध्यान में रखते हुए नेपाली बस ऑपरेटरों के साथ संयुक्त रूप से साधारण बसों के रूट और किराये के निर्धारण को लेकर बातचीत शुरू कर दी गई है।

किराया और समय सारिणी फाइनल होते ही इन दोनों अंतरराष्ट्रीय रूटों पर बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। परिवहन निगम के अधिकारियों का कहना है कि साधारण बसों के सफल संचालन और यात्रियों के रिस्पॉन्स को देखने के बाद भविष्य में इन रूटों पर लग्जरी वोल्वो बसों को भी उतारने की योजना पर काम किया जाएगा। इस सीधी बस सेवा के शुरू होने से न केवल तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को सुविधा होगी, बल्कि दोनों देशों के बीच व्यापारिक और स्थानीय आवागमन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।