सिर्फ रिज्यूमे लेकर पहुंचें, शाम तक पक्की नौकरी! लखनऊ ITI में महा-रोजगार मेला, 8:30 बजे से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

सिर्फ रिज्यूमे लेकर पहुंचें, शाम तक पक्की नौकरी! लखनऊ ITI में महा-रोजगार मेला, 8:30 बजे से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन

उत्तर प्रदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए राजधानी लखनऊ से बड़ी खबर सामने आई है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), अलीगंज में 30 नवंबर को एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस भर्ती मेले में देश की 18 प्रतिष्ठित कंपनियां हिस्सा लेंगी और लगभग 2520 पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का मौके पर ही चयन करेंगी। मेले की सबसे खास बात यह है कि इसमें 10वीं व 12वीं पास युवाओं से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा और बीटेक पास अभ्यर्थी भी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। मेले का आधिकारिक शुभारंभ सुबह 9:30 बजे होगा, जिसके लिए अभ्यर्थियों को ऑन-स्पॉट पंजीकरण कराने हेतु सुबह 8:30 बजे तक संस्थान परिसर पहुंचने का निर्देश दिया गया है।

भर्तियों के लिहाज से टाटा मोटर्स और एमआरएफ टायर्स सबसे बड़े नियोक्ता बनकर सामने आ रहे हैं। टाटा मोटर्स की तरफ से अप्रेंटिस और टेम्पररी वर्कमैन के 500 पदों पर युवाओं का चयन किया जाएगा, जबकि एमआरएफ टायर्स विभिन्न प्रक्रियाओं के तहत कुल 700 पदों पर ऑपरेटर, एनएपीएस और लीड ट्रेनी की नियुक्ति करेगी। इसके अलावा अडानी सोलर में 200 ऑपरेटर, अपना पेमेंट प्राइवेट लिमिटेड में 200 फील्ड सेल्स एग्जीक्यूटिव और केआरवाईएमआईक्यू टेक्नोलॉजीज में 250 पदों पर भर्तियां की जाएंगी। वहीं अशोक लेलैंड, मदरसन, लावा इंटरनेशनल, गुड लक इंडस्ट्रीज और अरविंद मिल्स जैसी दिग्गज औद्योगिक इकाइयां भी युवाओं को रोजगार के सीधे अवसर प्रदान करेंगी।

वेतन और अन्य सुविधाओं की बात करें तो चयनित युवाओं को पद और उनकी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर ₹10,000 से लेकर ₹30,000 तक का मासिक वेतनमान ऑफर किया जाएगा। साथ ही, कुछ चुनिंदा कंपनियों द्वारा कार्यस्थल पर रियायती या निःशुल्क भोजन और आवास की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा की औद्योगिक इकाइयां भी युवाओं का साक्षात्कार लेंगी। मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने साथ अपडेटेड रिज्यूमे (बायोडाटा), पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ और सभी शैक्षणिक व तकनीकी प्रमाणपत्रों की मूल प्रतियों के साथ उनकी छायाप्रतियां लेकर 30 नवंबर को समय से आईटीआई अलीगंज परिसर पहुंचना होगा।