जन्म प्रमाण पत्र बनवाना आसान: 21 दिन तक मुफ्त पंजीकरण, जानें देरी पर क्या हैं नियम और दस्तावेज

जन्म प्रमाण पत्र बनवाना आसान: 21 दिन तक मुफ्त पंजीकरण, जानें देरी पर क्या हैं नियम और दस्तावेज

बिहार में नवजात शिशुओं का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वाले अभिभावकों के लिए समय पर पंजीकरण कराना बेहद अहम है। बच्चे के जन्म के 21 दिनों के अंदर रजिस्ट्रेशन कराने पर कोई शुल्क नहीं लगता, जबकि यह प्रमाण पत्र आगे चलकर स्कूल एडमिशन, सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और अन्य जरूरी कानूनी कामों में काम आता है। यदि बच्चे का जन्म किसी सरकारी या पंजीकृत निजी अस्पताल में हुआ है, तो अस्पताल के जरिए जन्म की सूचना देकर पंजीकरण कराया जा सकता है। वहीं, घर पर जन्म होने या गैर-पंजीकृत अस्पताल में प्रसव होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्र के जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रार को सूचना देकर आवेदन करना होता है।

आवेदन के दौरान अभिभावकों को कुछ जरूरी दस्तावेज साथ रखने होते हैं। अस्पताल में जन्म होने पर डिस्चार्ज स्लिप, जन्म रिपोर्ट, माता-पिता के पहचान पत्र, निवास प्रमाण और मोबाइल नंबर की आवश्यकता हो सकती है। दूसरी ओर, घर पर जन्म होने की स्थिति में माता-पिता के पहचान व पते के प्रमाण पत्र के साथ स्व-घोषणा पत्र, गवाहों के बयान और वार्ड सदस्य, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका या मुखिया की सत्यापन रिपोर्ट मांगी जा सकती है।

जन्म के 21 दिन बीत जाने के बाद आवेदन करने पर देरी की अवधि के हिसाब से शुल्क और प्रक्रिया बदल जाती है। 21 से 30 दिनों के भीतर पंजीकरण कराने पर 2 रुपये विलंब शुल्क देना होता है, जबकि 30 दिन से एक साल तक की देरी पर 5 रुपये विलंब शुल्क के साथ शपथ पत्र और संबंधित अनुमति की जरूरत पड़ सकती है। एक से दो साल के बीच आवेदन करने पर एसडीएम या कार्यपालक दंडाधिकारी का आदेश आवश्यक हो सकता है और दो साल से अधिक समय बीत जाने पर प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश से प्रक्रिया पूरी होती है। इसलिए बेहतर यही है कि अभिभावक जन्म के तुरंत बाद पंजीकरण करा लें, ताकि अतिरिक्त खर्च, दफ्तरों के चक्कर और लंबी कानूनी प्रक्रिया से बचा जा सके।