लिव-इन पार्टनर की सनक ने ली 5 साल के मासूम की जान! राप्ती नदी में फेंका शव, UP में दिल दहला देने वाली वारदात
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक रिश्तों को शर्मसार और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पांच वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात के पीछे चौंकाने वाली वजह सामने आई है कि आरोपी युवक प्रेमिका से खुद का बच्चा चाहता था, लेकिन महिला इसके लिए राजी नहीं थी। आरोपी को शक था कि जब तक महिला के पहले पति का बेटा उसके साथ रहेगा, तब तक वह उससे बच्चा नहीं करेगी। इसी सनक को लेकर दोनों में अक्सर झगड़े होते थे। पुलिस हिरासत में आरोपी ने बच्चे की हत्या कर शव को राप्ती नदी में फेंकने की बात कबूल कर ली है। बाघागाड़ा के पास नदी में गोताखोरों व पुलिस टीम की मदद से शव की तलाश जारी है, हालांकि शनिवार शाम तक बच्चे का शव नहीं मिल सका था।
पुलिस के अनुसार, महराजगंज जिले के मटिया निवासी रूबी शर्मा की शादी करीब दस साल पहले सहजनवां के मटियरा निवासी देवनंदन शर्मा से हुई थी। दंपति के दो बेटे हैं; बड़ा बेटा नानी के घर रहता है, जबकि पांच साल का आरुष मां के साथ रह रहा था। करीब दो साल पहले पति-पत्नी के विवाद के बाद तलाक का केस परिवार न्यायालय में चल रहा है। इसी बीच ससुराल के पास रहने वाले रितिक यादव से रूबी की नजदीकियां बढ़ीं और दोनों शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार स्थित मानस विहार कॉलोनी में किराये के कमरे में साथ रहने लगे। जांच में पता चला है कि रितिक पहले भी मासूम को बाल्टी में डुबोकर मारने की कोशिश कर चुका था। गुरुवार तड़के करीब चार बजे मानस विहार कॉलोनी से आरुष के गायब होने के बाद संदेह के आधार पर रितिक को हिरासत में लिया गया और सख्ती से पूछताछ में उसने पूरा राज उगल दिया।
मकान मालिक और पड़ोसियों के मुताबिक, रूबी और रितिक के बीच आए दिन कहासुनी होती रहती थी। झगड़ों से तंग आकर मकान मालिक ने कई बार कमरा खाली करने को कहा, जिस पर रितिक माफी मांगकर आगे विवाद न करने का भरोसा दिलाता था। उधर, शनिवार सुबह से ही रितिक की निशानदेही पर पुलिस ने बाघागाड़ा क्षेत्र में राप्ती नदी के भीतर मासूम का शव खोजने का अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। बेटे के वियोग में बिलख रही मां रूबी शर्मा का कहना है कि किसी तरह मासूम का शव मिल जाए ताकि वह आखिरी बार उसका चेहरा देख सके। घटना के बाद जब रूबी जंगल धूसड़ स्थित रितिक के नए मकान पर पहुंची, तो वहां ताला लटका मिला और आरोपी के परिजन फरार बताए जा रहे हैं। शनिवार सुबह मां के साथ शाहपुर थाने पहुंची रूबी ने आरोपी से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन पुलिस ने उसे मिलने नहीं दिया।