आरटीओ के बाहर कार को बना रखा था 'चलता-फिरता दफ्तर'! STF के छापे में 75 RC और लाइसेंस बरामद, 2 गिरफ्तार!
उत्तराखंड के रुद्रपुर में आरटीओ कार्यालय के बाहर वाहन संबंधी कार्यों के नाम पर वाहन स्वामियों से तय सरकारी शुल्क से ज्यादा पैसे वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और थाना पंतनगर पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आरटीओ दफ्तर के पास खड़ी अपनी दो निजी कारों को ही मोबाइल दफ्तर की तरह इस्तेमाल कर रहे थे और लैपटॉप व प्रिंटर के जरिए वाहन कागजातों से जुड़े काम निपटा रहे थे।
पुलिस व एसटीएफ के अनुसार, रविवार को जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश देकर दो अलग-अलग वाहनों में सवार प्रवीण बाछाड़ (निवासी चंदीपुर विजयपुर, दिनेशपुर) और पंकज कांति सेन (निवासी ट्रांजिट कैंप) को पकड़ा गया। दोनों कारों की तलाशी लेने पर 75 आरसी (पंजीकरण प्रमाण पत्र), 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज मिले। इसके अलावा अन्य पहचान पत्र, एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस व लैपटॉप एडॉप्टर भी बरामद किया गया है। पुलिस ने इस अवैध काम में इस्तेमाल की जा रही दोनों कारों को भी जब्त कर लिया है।
एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है कि आरोपितों ने अब तक कितने लोगों से अतिरिक्त रकम वसूली और इस खेल में कौन-कौन लोग व निजी केंद्र शामिल हैं। साथ ही एसटीएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आरटीओ से जुड़े काम किसी अनजान व्यक्ति या एजेंट के भरोसे न करें, बल्कि अधिकृत प्रक्रिया के माध्यम से ही आवेदन करें और अपने मूल दस्तावेज किसी अजनबी को न दें।