पंजाब में सिख युवक पर पुलिस बर्बरता का आरोप: ककारों की बेअदबी पर भड़का अकाल तख्त
पंजाब के संगरूर स्थित शेरों गांव में एक सिख युवक के साथ पुलिस हिरासत में कथित अमानवीय प्रताड़ना और उसके धार्मिक प्रतीकों (ककारों) की बेअदबी का मामला अब बेहद गरमा गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान के गांव दौरे के दौरान नशे के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध जताने वाले युवक मोहनजीत सिंह पर हुए कथित अत्याचार को लेकर सिख समाज की सर्वोच्च संस्थाएं आर-पार के मूड में आ गई हैं। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने इस घटना की तीखे शब्दों में भर्त्सना करते हुए आरोपी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कदम उठाने की दो-टूक मांग की है।
नशे के खिलाफ काला झंडा दिखाना गुनाह नहीं: जत्थेदार गड़गज
श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने पूरे घटनाक्रम पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पंजाब में नशे की समस्या भयावह रूप ले चुकी है और इसके खिलाफ आवाज उठाना हर नागरिक का बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने बताया कि मोहनजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के दौरे के समय पड़ोस के मकान की छत पर खड़े होकर पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से काला झंडा दिखाया था। जत्थेदार ने दो-टूक कहा कि किसी शांतिपूर्ण प्रदर्शन को अपराध की श्रेणी में नहीं डाला जा सकता और इसके बदले किसी नागरिक पर इस तरह का जुल्म ढहाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
वायर ब्रश से वार और जख्मों पर नमक, दाढ़ी-केश के अपमान का आरोप
जत्थेदार ने स्थानीय डीएसपी हरविंदर सिंह खैरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी युवक को जबरन उठा ले गए और हिरासत में उसके साथ रूह कंपा देने वाली बर्बरता की गई। पीड़ित मोहनजीत सिंह के बयानों का हवाला देते हुए उन्होंने खुलासा किया कि युवक की कमर पर नुकीले वायर ब्रश से वार किए गए, लहूलुहान जख्मों पर नमक रगड़ा गया, सिर पर जूतों से मारा गया और उसकी पवित्र दाढ़ी, केश तथा ककारों की घोर बेअदबी की गई। जत्थेदार ने संगरूर के एसएसपी से सीधी बातचीत कर संबंधित डीएसपी और एसएचओ के विरुद्ध तुरंत दंडात्मक एक्शन लेने को कहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस महकमे ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों को सजा नहीं दी तो श्री अकाल तख्त साहिब खुद पीड़ित के साथ खड़ा होगा। उन्होंने जल्द ही मोहनजीत से मुलाकात करने का भी ऐलान किया।
नशा सप्लाई रोकने पर जोर, युवाओं से सिख जीवन पद्धति अपनाने की अपील
पंजाब के मौजूदा हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए जत्थेदार गड़गज ने मान सरकार से नशे के पूरे सिंडिकेट और सप्लाई नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए कड़े कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि नशे की दलदल में फंसे युवाओं से नफरत करने या उन्हें हाशिए पर धकेलने के बजाय उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए काउंसिलिंग और मदद की दरकार है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के युवाओं से नशा त्यागने, केश संवारने और गुरुओं द्वारा दिखाए गए सिख मर्यादा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।