अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी, 7 करोड़ की फिरौती मांगते ही मचा हड़कंप
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता को जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताने वाले एक अज्ञात कॉलर ने केजरीवाल परिवार से सात करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती की मांग की है। यह धमकी दिल्ली की तिलक नगर विधानसभा सीट से 'आप' विधायक जरनैल सिंह के मोबाइल पर फोन और व्हाट्सएप संदेश के जरिए भेजी गई, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मोहाली पुलिस ने तुरंत आपराधिक मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी है।
मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दी गई आधिकारिक शिकायत में विधायक जरनैल सिंह ने बताया कि छह नवंबर को उनके फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई और साथ ही व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश भेजे गए। कॉल करने वाले ने खुद का सीधा ताल्लुक लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से बताया और दो टूक चेतावनी दी कि यदि अरविंद केजरीवाल से सात करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं दिलवाई गई, तो वह केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता दोनों की हत्या कर देगा। विधायक ने पुलिस को सौंपे शिकायती पत्र में इस बात पर गहरा तनाव व्यक्त किया कि राष्ट्रीय स्तर के प्रमुख राजनेता और उनके परिवार को निशाना बनाना एक गंभीर सुरक्षा चूक का संकेत है, इसलिए केजरीवाल और उनकी बेटी की सुरक्षा को तत्काल चाक-चौबंद किया जाए।
विधायक ने जांच एजेंसियों से अपील की है कि धमकी देने के लिए इस्तेमाल किए गए फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स (सीडीआर), आईपी एड्रेस और संबंधित डिजिटल उपकरणों की लोकेशन को ट्रेस कर आरोपी को अविलंब सलाखों के पीछे भेजा जाए। जरनैल सिंह की लिखित तहरीर के आधार पर मोहाली पुलिस ने स्टेट साइबर क्राइम पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस की विशेष साइबर टीमें अब तकनीकी साक्ष्यों के जरिए यह पड़ताल करने में जुटी हैं कि धमकी देने वाला व्यक्ति वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़ा कोई गुर्गा है या फिर गिरोह के नाम का खौफ दिखाकर रंगदारी वसूलने की साजिश रची जा रही है।