रातों-रात चमकी 3 परिवारों की किस्मत! 50 के टिकट से बुजुर्ग बना लखपति, कर्जदार युवक के हाथ लगे 1 करोड़

रातों-रात चमकी 3 परिवारों की किस्मत! 50 के टिकट से बुजुर्ग बना लखपति, कर्जदार युवक के हाथ लगे 1 करोड़

हरियाणा और पंजाब के ग्रामीण अंचलों में किस्मत के पहिए ने तीन आम परिवारों की जिंदगी रातों-रात बदल दी है। हरियाणा के सिरसा जिले की रानियां तहसील स्थित सुल्तानपुरिया गांव के रहने वाले मनदीप सिंह ने 50 लाख रुपये की बंपर लॉटरी जीती है।

ड्रा निकलने के बाद शुरुआती समय में विजेता का पता नहीं चल सका था, जिसके चलते गौरव लॉटरी सेंटर के संचालक ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर विजेता की तलाश शुरू की। वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को मनदीप सिंह की पहचान हुई और उन्होंने लॉटरी सेंटर पहुंचकर अपनी जीत की पुष्टि की।

इसी तरह पंजाब के रूपनगर स्थित कीरतपुर साहिब में एक बुजुर्ग की किस्मत ने भी जबरदस्त करवट ली। पीर साईं बुढ़ण शाह जी की ऐतिहासिक दरगाह के पास सड़क किनारे कपड़े की फड़ी लगाकर आजीविका चलाने वाले बुजुर्ग हेमराज ने महज 50 रुपये का टिकट खरीदा था। इसी मामूली टिकट ने उन्हें सीधे 21 लाख रुपये का भारी-भरकम इनाम दिला दिया। वर्षों से आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हेमराज के परिवार में इस अप्रत्याशित जीत के बाद जश्न का माहौल है।

वहीं तीसरी प्रेरणादायक कहानी पंजाब के बटाला स्थित वडाला ग्रंथियां गांव के कवलजीत सिंह की है। भारी कर्ज लेकर रोजगार की तलाश में मस्कट (ओमान) गए कवलजीत को वहां खाली हाथ लौटना पड़ा था, लेकिन भारत लौटकर मां पिंदरजीत कौर के नाम पर खरीदे लॉटरी टिकट ने उन्हें सीधे 1 करोड़ रुपये का मालिक बना दिया। कवलजीत टिकट खरीदकर स्टॉल पर ही छोड़ गए थे। रात आठ बजे जब ड्रा खुला, तो नंबर मिलते ही स्टॉल संचालक ने फोन पर उन्हें करोड़पति बनने की खुशखबरी दी।