मंजिल से पहले ही उजड़ गईं 5 जिंदगियां! पंजाब में तीर्थ यात्रियों की बस पलटी, चारों तरफ मचा कोहराम!
पंजाब में 'मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना' के तहत श्रद्धालुओं को दर्शन कराने ले जा रही बसों के तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं के समीप भीषण सड़क हादसे का शिकार होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को पीड़ितों और उनके परिवारों से मुलाकात की। इस दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की असामयिक मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों के लिए बड़े राहत पैकेज का ऐलान किया है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और हादसे में जख्मी हुए प्रत्येक व्यक्ति को 1-1 लाख रुपये की तात्कालिक वित्तीय सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी घायलों के संपूर्ण चिकित्सीय उपचार का पूरा खर्च पंजाब सरकार खुद वहन करेगी।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री सीधे अमृतसर के अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन घायलों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना और वरिष्ठ चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य व चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त किया कि अधिकांश घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ितों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को यह असहनीय आघात सहने का संबल देने की प्रार्थना की।
इस दर्दनाक सड़क हादसे में कुल 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि चार तीर्थयात्रियों समेत एक बाइक सवार की मौके पर ही जान चली गई। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद नागरिक प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ितों को राहत पहुंचाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और घायलों को सर्वोत्तम मेडिकल केयर दी जाए। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे संवेदनशील और दुर्भाग्यपूर्ण हादसों पर संकीर्ण राजनीतिक रोटियां सेकने के बजाय सभी को मानवीय आधार पर पीड़ितों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
सड़क हादसों पर त्वरित नियंत्रण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार द्वारा गठित 'सड़क सुरक्षा फोर्स' (SSF) के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एसएसएफ हाईवे और प्रमुख मार्गों पर आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत प्रतिक्रिया देकर लोगों की बहुमूल्य जान बचाने और सड़क दुर्घटनाओं की दर को घटाने में बेहद प्रभावी भूमिका निभा रही है। सरकार राज्य के प्रत्येक नागरिक के सुरक्षित सफर और कल्याण के लिए पूरी तरह जवाबदेह और प्रतिबद्ध है।