पत्नी से झगड़े का खौफनाक अंजाम: निर्दयी पिता ने 6 साल के मासूम को उफनती रावी नदी में फेंका
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। चंबा-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित परेल पुल के पास एक पिता ने पारिवारिक कलह के चलते अपने ही 6 साल के मासूम बेटे को उफनती रावी नदी में फेंक दिया।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और बच्चे की तलाश के लिए नदी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पत्नी से फोन पर हुआ था विवाद, खोया आपा
पुलिस की तफ्तीश में सामने आया है कि 30 वर्षीय आरोपी हितेश कुमार (पुत्र जयपाल, निवासी डभूंई, कियाणी) की पत्नी पिछले करीब एक महीने से अपने मायके अमृतसर में रह रही है। वह अपने साथ साढ़े तीन साल के छोटे बेटे को भी ले गई थी, जबकि 6 साल का बड़ा बेटा गगनदीप अपने पिता हितेश के साथ परेल में रह रहा था। सोमवार रात करीब 8 बजे हितेश की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हो रही थी, जो अचानक तीखी बहस में बदल गई। इस नोकझोंक से गुस्साए हितेश ने अपना आपा खो दिया और एक बेहद खौफनाक कदम उठा लिया।
मासूम को पुल से नदी में फेंका, सुबह 112 पर दी सूचना
पत्नी से झगड़े के बाद हितेश अपने बेटे गगनदीप को लेकर परेल पुल पर पहुंचा और उसे बिना किसी रहम के रावी नदी के तेज बहाव में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद मंगलवार सुबह आरोपी ने खुद पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी। शुरुआत में पुलिस को यह बात थोड़ी संदिग्ध लगी, लेकिन जब टीम मौके पर पहुंची और हितेश के किराये के कमरे की तलाशी ली गई तो बच्चा वहां से गायब मिला। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।