"मान सरकार के भ्रष्टाचार का घड़ा भरा, अंत करीब": मोहाली में BJP का बड़ा प्रदर्शन, फूंका पुतला; CBI जांच पर घेरा
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए मोहाली की सड़कों पर बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान ढिल्लों ने सीधा हमला बोलते हुए कहा कि भगवंत मान सरकार के भ्रष्टाचार का घड़ा अब पूरी तरह भर चुका है और सूबे को बर्बादी की ओर धकेलने वाली इस व्यवस्था का अंत अब ज्यादा दूर नहीं है।
मोहाली में हुए इस विरोध मार्च में प्रदेश उपाध्यक्ष रणजीत सिंह गिल, जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट, अनुज खोसला, गुरदर्शन सिंह सैनी, एनके वर्मा, संजीव खन्ना और सुखविंदर सिंह गोल्डी सहित सैकड़ों प्रमुख नेता व कार्यकर्ता जुटे। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों से खुद को 'कट्टर ईमानदार' बताने का जो दिखावा किया जा रहा था, उसकी हकीकत अब जनता के सामने आ चुकी है। सरकारी खजाने की कथित लूट और वित्तीय गड़बड़ियों से राज्य की जनता पूरी तरह त्रस्त है और सही वक्त आने पर इसका लोकतांत्रिक जवाब देगी।
जांच एजेंसियों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए ढिल्लों ने गंभीर आरोप लगाए कि भ्रष्टाचार के कई मामलों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पंजाब पुलिस को बार-बार पत्र लिखे, लेकिन राज्य सरकार ने जानबूझकर कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं की। जब मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट पहुंचा, तब अदालत के दखल के बाद सीबीआई (CBI) को जांच सौंपी गई। उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय जांच एजेंसी की निष्पक्ष जांच शुरू होते ही सत्ता पक्ष में भारी बौखलाहट देखने को मिल रही है और कानून से बचने की हर कोशिश नाकाम साबित होगी।