अखिलेश यादव की कथनी और करनी में अंतर, गठबंधन से पहले ही कांग्रेस को किया दरकिनार: डॉ. राजेश्वर सिंह
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि उनकी कथनी और करनी में स्पष्ट विरोधाभास है। कांग्रेस को पत्र लिखकर 'सीट बंटवारे' के बजाय 'सीट समायोजन', उम्मीदवार न थोपने और गठबंधन धर्म निभाने की बात करने वाले अखिलेश यादव ने कांग्रेस की सहमति के बिना ही सपा के पांच प्रत्याशी घोषित कर दिए। गठबंधन से पहले ही कांग्रेस को दरकिनार करना उनके राजनीतिक दोहरेपन को उजागर करता है।
PDA का नारा, टिकट वितरण में वोट बैंक की राजनीति; सपा का दोहरा चरित्र बेनकाब: डॉ. राजेश्वर सिंह
डॉ. सिंह ने कहा कि घोषित पांच प्रत्याशियों में चार टिकट एक ही वोट बैंक को दिए जाने और एक भी दलित प्रतिनिधि को स्थान न मिलने से PDA के सामाजिक न्याय के दावे पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। नाम PDA का, लेकिन टिकट वितरण में प्राथमिकता चुनिंदा वोट बैंक की राजनीति को!
उन्होंने वर्ष 2013 में तत्कालीन अखिलेश सरकार द्वारा आतंकवादी घटनाओं के आरोपियों के मुकदमे वापस लेने के प्रयासों और इलाहाबाद हाईकोर्ट के हस्तक्षेप का भी उल्लेख किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि जो अपने राजनीतिक सहयोगियों का सम्मान नहीं कर सकते, वे उत्तर प्रदेश के सम्मान और सामाजिक न्याय की रक्षा क्या करेंगे? प्रदेश की जनता 2027 में नारों से नहीं, राजनीतिक दलों के वास्तविक आचरण और उनके कार्यों से फैसला करेगी।