अमृतसर में नशा बेचने के शक में युवक को निहंगों ने पीटा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला

अमृतसर में नशा बेचने के शक में युवक को निहंगों ने पीटा, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला

पंजाब में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम के बीच अमृतसर के ग्रामीण इलाके से कानून हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नशा तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे निहंग सिंहों ने एक युवक को बंधक बनाकर उसकी डंडों और थप्पड़ों से बेरहमी से पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, युवक को प्रताड़ित करने का पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो निहंग सिंह युवक की दोनों बाहें कसकर पकड़े हुए हैं और उसे बीच में खड़ा कर रखा है। इसी दौरान एक निहंग डंडे से उस पर ताबड़तोड़ वार कर रहा है, जबकि दूसरा लगातार थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। डंडों के प्रहार से युवक दर्द से बुरी तरह चीखता-चिल्लाता हुआ रहम की गुहार लगाता नजर आता है, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिलती।

इस वीडियो को दशमेश तरना दल से जुड़े निहंग बाबा गुरदीप सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया है। उनका दावा है कि दल के निहंगों को गुप्त सूचना मिली थी कि संबंधित युवक इलाके में सक्रिय रूप से नशा बेचने का अवैध कारोबार कर रहा है। इसी इनपुट के आधार पर निहंगों ने खुद मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ा और मौके पर ही सबक सिखाने के लिए यह कदम उठाया।

हालांकि, बाबा गुरदीप सिंह ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गांव का नाम बताने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि ग्रामीण इलाकों में नशा तस्करों के नेटवर्क की गोपनीय जानकारी स्थानीय लोग उन्हें देते हैं, ऐसे में मुखबिरों की पहचान सार्वजनिक नहीं की जा सकती।