आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: बेकाबू ट्रक ने स्कूल बस को मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत, 35 घायल
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। ठठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत माइलस्टोन 209 के पास सड़क किनारे खड़ी एक स्कूल बस में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में मौके पर ही कम से कम चार स्कूली छात्रों की मौत हो गई, जबकि लगभग 35 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कौशांबी के एक निजी स्कूल से करीब 50 छात्र और छह शिक्षक आगरा पिकनिक मनाने गए थे। यह पूरा ग्रुप जब आगरा से वापस लौट रहा था, तभी एक्सप्रेसवे पर बस को किसी वजह से किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने खड़ी बस को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के तुरंत बाद स्थानीय राहगीरों और सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला और आनन-फानन में राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
गंभीर रूप से घायल सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को एंबुलेंस की मदद से तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका आपातकालीन उपचार कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही कन्नौज के जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सीधे मेडिकल कॉलेज पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घायल बच्चों का हालचाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर इलाज व विशेष निगरानी के सख्त निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की विधिक जांच शुरू कर दी है।