पंजाब कांग्रेस में रार: बरनाला कार्यक्रम में खुली गुटबाजी, भूपेश बघेल और राजा वड़िंग के सामने लगे चन्नी के नारे

पंजाब कांग्रेस में रार: बरनाला कार्यक्रम में खुली गुटबाजी, भूपेश बघेल और राजा वड़िंग के सामने लगे चन्नी के नारे

पंजाब की राजनीति में कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर सतह पर आ गई है। संगरूर और पटियाला में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के समर्थकों के बीच टकराव की घटना के ठीक एक दिन बाद रविवार को बरनाला में भी पार्टी की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम के दौरान मंच पर तमाम बड़े दिग्गज मौजूद थे, लेकिन कार्यकर्ताओं के बीच चल रहा मनमुटाव कार्यक्रम के दौरान साफ तौर पर देखने को मिला।

मंच पर दिग्गज नेताओं की मौजूदगी और चन्नी के नारे

इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम में पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग, विधायक कुलदीप सिंह काला ढिल्लों, पूर्व मंत्री ब्रह्म मोहिंद्रा, राजकुमार वेरका और रजिया सुल्ताना समेत कई वरिष्ठ नेता शिरकत कर रहे थे। जब पार्टी के नेता मंच से अपना संबोधन दे रहे थे, ठीक उसी दौरान चरनजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने उनके पक्ष में जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। बिगड़ते माहौल को संभालने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को खुद बीच-बचाहव करना पड़ा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बार-बार अपील की कि वे नारेबाजी बंद कर दें, क्योंकि इससे पार्टी को मजबूत करने के उनके तमाम प्रयास और मेहनत पर पानी फेर सकता है। हालात को शांत कराने के लिए विधायक काला ढिल्लों भी खुद मंच से नीचे उतरकर कार्यकर्ताओं के पास पहुंचे।

नेताओं के तीखे तेवर और इशारों-इशारों में तंज

कार्यक्रम के दौरान नेताओं के भाषणों में आपसी कलह साफ झलक रही थी। विधायक काला ढिल्लों ने बिना किसी का नाम लिए तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ नेता दिल्ली में बैठकर तो पार्टी को मजबूत करने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, लेकिन पंजाब लौटते ही एक-दूसरे की टांग खींचने और कमजोर करने में जुट जाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को ऐसे नेताओं से सचेत रहने की नसीहत दी। वहीं, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना ने भी मंच से नसीहत देते हुए कहा कि अगर किसी भी कार्यकर्ता या नेता को कोई शिकायत है, तो उसे सार्वजनिक तमाशा बनाने के बजाय पार्टी हाईकमान के सामने रखना चाहिए।

डैमेज कंट्रोल की कोशिश: राजा वड़िंग और भूपेश बघेल का बयान

विवाद बढ़ता देख बाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग ने डैमेज कंट्रोल करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उन्हें चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगने से कोई आपत्ति नहीं है।

बात को संभालते हुए उन्होंने खुद मंच से चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दूलो के समर्थन में नारे लगाए। इससे पहले कार्यक्रम के दौरान पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने भी वड़िंग, चन्नी, बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, ब्रह्म मोहिंद्रा और रजिया सुल्ताना का नाम लेते हुए सभी के समर्थन में नारे लगवाए थे। गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में खुद चरणजीत सिंह चन्नी, प्रताप सिंह बाजवा और सुखजिंदर सिंह रंधावा मौजूद नहीं थे। अब कांग्रेस का अगला 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' कार्यक्रम मानसा जिले में आयोजित किया जाना है, जिस पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

Latest Posts