चंडीगढ़ में पुलिसकर्मी पिता की गोली मारकर हत्या, बेटे ने ही रचा था सारा षड्यंत्र

चंडीगढ़ में पुलिसकर्मी पिता की गोली मारकर हत्या, बेटे ने ही रचा था सारा षड्यंत्र

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-22 से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की अकाउंट ब्रांच में तैनात हेड कांस्टेबल नितिन की उन्हीं की सरकारी सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई।

घर के भीतर हुए इस खूनी खेल का राजफाश तब हुआ जब जांच में कातिल कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक हेड कांस्टेबल का अपना ही बेटा निकला। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।

सुबह आठ बजे मिली सूचना, सिर में लगी थी गोली

घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को सुबह करीब आठ बजे मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तुरंत सेक्टर-22 स्थित घटनास्थल पर पहुंची। चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर सिंह भी मामले की गंभीरता को देखते हुए खुद मौके पर पहुंचीं। एसएसपी के अनुसार, पुलिस को घर में हेड कांस्टेबल नितिन का खून से लथपथ शव मिला, जिसके सिर पर गोली लगने (गन शॉट) के साफ निशान थे। वारदात के वक्त घर पर मृतक हेड कांस्टेबल, उनकी पत्नी और उनका बेटा मौजूद थे। पुलिस ने शव को तुरंत कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।

बेटे ने रची थी बाहरी बदमाशों की झूठी कहानी, सख्ती पर टूटा

वारदात के तुरंत बाद आरोपी बेटे ने कानून की आंखों में धूल झोंकने की पूरी कोशिश की। पुलिस जब घर पहुंची तो बेटे ने मनगढ़ंत कहानी सुनाते हुए अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने दावा किया कि कुछ अज्ञात बाहरी लोग घर में घुसे और उसके पिता की गोली मारकर हत्या करके फरार हो गए। हालांकि, घटनास्थल के हालात और बेटे के बयानों में दिख रहे विरोधाभास के चलते पुलिस को उस पर गहरा शक हो गया। जब पुलिस अधिकारियों ने उससे मनोवैज्ञानिक और सख्त लहजे में पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर टिक नहीं सका और उसने अपने ही पिता की हत्या करने का गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस परिवार में मातम: मां भी विभाग में हेड कांस्टेबल

इस दर्दनाक वारदात के बाद पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। मृतक नितिन चंडीगढ़ पुलिस मुख्यालय की अकाउंट्स शाखा में हेड कांस्टेबल के पद पर सेवाएं दे रहे थे। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी बेटे की मां भी पुलिस विभाग में ही बतौर हेड कांस्टेबल तैनात हैं। अपने ही बेटे द्वारा पिता की सरकारी पिस्तौल से जान ले लेने की इस घटना से हर कोई सन्न है। पुलिस ने आरोपी बेटे को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में प्रयुक्त सर्विस रिवॉल्वर को जब्त करते हुए वारदात के पीछे की असल वजहों की गहराई से तफ्तीश कर रही है।