पंजाब चुनाव से पहले सियासी भूचाल: BJP में शामिल हुए 'आप' के 6 सांसद, राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पंजाब चुनाव से पहले सियासी भूचाल: BJP में शामिल हुए 'आप' के 6 सांसद, राघव चड्ढा को मिली बड़ी जिम्मेदारी

पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राज्य की राजनीति में अभूतपूर्व फेरबदल देखने को मिला है। भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा सहित छह सांसदों को राज्य की प्रमुख चुनाव समितियों में बड़ी जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को पार्टी की राज्य मैनिफेस्टो (संकल्प पत्र) कमेटी और चार्जशीट कमेटी के गठन की आधिकारिक घोषणा की। पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना को मैनिफेस्टो कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। इस 12 सदस्यीय समिति में राघव चड्ढा के अलावा मनप्रीत सिंह बादल, अश्वनी शर्मा, मनोरंजन कालिया, सोम प्रकाश, राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी, अश्वनी सेखरी, सतनाम सिंह संधू, राजिंदर गुप्ता, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, परमपाल कौर और वरिष्ठ अधिवक्ता एच.एस. फुल्का को बतौर सदस्य शामिल किया गया है।

वहीं राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र तैयार करने के लिए गठित चार्जशीट कमेटी की कमान वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ को बतौर चेयरमैन सौंपी गई है। इस समिति में कई पूर्व केंद्रीय मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है, जिनमें राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा, विजय सांपला, श्वेत मलिक, महारानी परनीत कौर, रवनीत सिंह बिट्टू, दिनेश बब्बू, सुशील रिंकू, गेजा राम, विक्रमजीत सिंह साहनी, अशोक मित्तल, संदीप पाठक, एस.एस. चन्नी और जगमीत सिंह बराड़ प्रमुख हैं। प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के अनुसार, आने वाले दिनों में चुनाव संचालन से जुड़ी कुछ अन्य महत्वपूर्ण कमेटियों का भी ऐलान किया जाएगा।

दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस ने भी आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपनी संगठनात्मक घेराबंदी तेज कर दी है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने अन्य दलों से आने वाले नेताओं की ज्वाइनिंग प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की है। इस कमेटी में पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य विजय इंदर सिंगला, विधानसभा में उपनेता अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लड्डी को नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह समिति किसी भी बाहरी नेता को पार्टी में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के स्थानीय नेतृत्व और जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करेगी, ताकि कैडर में किसी प्रकार का असंतोष न उपजे। 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा के लिए अगले वर्ष की शुरुआत में मतदान होना प्रस्तावित है।