बच्चे और मां के सामने प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला: गोलियां चलाकर सिर फोड़ा, पुरानी रंजिश में वारदात

बच्चे और मां के सामने प्रॉपर्टी डीलर पर जानलेवा हमला: गोलियां चलाकर सिर फोड़ा, पुरानी रंजिश में वारदात

पंजाब के लुधियाना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए बेखौफ बदमाशों ने देर रात एक प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाया। ढोलेवाल इलाके के पास स्थित एक रेस्तरां में परिवार सहित खाना खाकर लौट रहे प्रॉपर्टी डीलर जगजीत सिंह पर करीब आठ हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान गोलियां चलाई गईं और मारपीट में जगजीत के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। बीच सड़क मची चीख-पुकार के बीच पीड़ित लहूलुहान हालत में अपनी बुजुर्ग मां और मासूम बेटे को सुरक्षित कार में बैठाकर वहां से जान बचाकर निकले और सीधे सिविल अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पीड़ित जगजीत सिंह के मुताबिक, रेस्तरां से निकलने के बाद उनका साढ़े तीन साल का बेटा पेमेंट और पानी की बोतल लेने के लिए कार से बाहर निकला था, तभी अचानक ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज गूंज उठी। गोलीबारी की आवाज सुनकर बच्चा सहमकर वापस कार की तरफ भागा। मासूम जैसे ही गाड़ी के अंदर पहुंचा, पीछा करते हुए पहुंचे हमलावरों ने कार की खिड़की के बिल्कुल पास से फायरिंग शुरू कर दी। अपने बच्चे को बचाने के लिए जब जगजीत ढाल बनकर आगे आए, तो हमलावरों ने उन पर धारदार व भारी हथियारों से हमला कर लहूलुहान कर दिया।

घायल कारोबारी ने दावा किया है कि वह हमलावरों की पहचान अच्छी तरह जानते हैं और यह हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा है। जगजीत के अनुसार, करीब एक साल पहले भी इन्हीं आरोपियों ने उनके घर पर धावा बोलकर अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसकी रंजिश अब तक चली आ रही है। देर रात हुई इस खूनी वारदात की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात में शामिल मुख्य आरोपी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे थे और रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने ढोलेवाल चौक और रेस्तरां के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त कर ली है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के जरिए हमलावरों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और नामजद आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।