सरकारी नौकरी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, एक झटके में बदले कई नियम

सरकारी नौकरी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, एक झटके में बदले कई नियम

चीफ मिनिस्टर भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब मंत्रिमंडल ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, प्रशासनिक और सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाने तथा सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। 

आज चीफ मिनिस्टर की अध्यक्षता में हुई इस उच्चस्तरीय कैबिनेट बैठक में गैर-सहायता प्राप्त निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने से लेकर आउटसोर्स कर्मचारियों को पक्का करने और तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटी स्थापित करने तक कई विधेयकों को हरी झंडी दिखाई गई है।

निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर लगेगी लगाम

अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों को ध्यान में रखते हुए कैबिनेट ने 'पंजाब रेगुलेशन ऑफ फीस ऑफ अन-एडेड एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन (संशोधन) विधेयक-2026' को पारित कर दिया है। पिछले कुछ समय से कुछ गैर-सहायता प्राप्त निजी शैक्षणिक संस्थान मनमाने और अनुचित तरीके से अपनी वार्षिक फीस में भारी बढ़ोतरी कर रहे थे, जिससे आम जनता और विद्यार्थियों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ पड़ रहा था। इस नए संशोधन के जरिए अब स्कूलों की अवैध फीस वृद्धि पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए खुशखबरी और नए बिल को मंजूरी

राज्य सरकार ने कर्मचारियों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए 'पंजाब स्टेट आउटसोर्सड ट्रांजिशन टू कॉन्ट्रैक्चुअल इंगेजमेंट विधेयक-2026' को मंजूरी दे दी है। इसके तहत लगातार पांच वर्षों की सेवा पूरी करने वाले योग्य आउटसोर्स कर्मचारियों या जोखिम वाली श्रेणियों में तैनात कर्मियों को अब तीन साल की सेवा के बाद सीधे कॉन्ट्रैक्ट पर लाया जाएगा। 

इन कर्मचारियों का पारिश्रमिक वित्त विभाग द्वारा तय किया जाएगा और यह न्यूनतम मजदूरी दर से कम नहीं होगा। साथ ही, पशुपालन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए राज्य के 582 पशु चिकित्सा अस्पतालों में 449 फार्मासिस्टों और 451 सफाई सेवकों की सेवाएं एक और वर्ष के लिए बढ़ा दी गई हैं।

अमृतसर को मिला नया ब्लॉक तरसिक्का और प्रशासनिक सुधार

व्यापक जनहित और विकास कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से मंत्रिमंडल ने अमृतसर जिले के ब्लॉक जंडियाला गुरु का पुनर्गठन कर एक नया ब्लॉक 'तरसिक्का' बनाने की स्वीकृति दे दी है। जंडियाला गुरु ब्लॉक की 121 ग्राम पंचायतों में से 64 पंचायतों को निकालकर इस नए ब्लॉक का गठन किया गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग (PWD) में तकनीकी कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए सीधी भर्ती के माध्यम से ड्राफ्ट्समैन (सिविल) के 19 रिक्त पदों को भरने की भी मंजूरी दी गई है।

पंजाब में खुलेंगी तीन नई डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटी

राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उच्च शिक्षा संस्थानों को आकर्षित करने के उद्देश्य से 'पंजाब प्राइवेट डिजिटल ओपन यूनिवर्सिटीज पॉलिसी-2026' को लागू किया गया है। इसके तहत होशियारपुर के बोहण में 'क्लाउड यूनिवर्सिटी', पटियाला के फतेहपुर में 'एम.एस. डिजिटल यूनिवर्सिटी' और पटियाला के ही नंदपुर केशो में 'फिजिक्सवाला डिजिटल यूनिवर्सिटी' की स्थापना को हरी झंडी दे दी गई है, जिससे युवाओं को आधुनिक और डिजिटल शिक्षा के बेहतरीन अवसर मिलेंगे।

Latest Posts