पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में लौटी रौनक: सरकार के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल ली वापस

पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में लौटी रौनक: सरकार के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल ली वापस

पंजाब के आम आदमी क्लीनिकों में कार्यरत संविदा कर्मचारियों (कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों) ने मंगलवार को पंजाब सरकार से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली है।

कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही राज्यभर के सभी आम आदमी क्लीनिकों में ओपीडी और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं एक बार फिर पूरी तरह से बहाल हो गई हैं, जिससे आम जनता और मरीजों ने बड़ी राहत की सांस ली है।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अध्यक्षता में वार्ता रही सफल

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राज्य सरकार और मंत्रियों की टीमों के लगातार प्रयासों से कर्मचारियों के साथ चली बातचीत सफल रही है।

कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गठित विशेष मंत्रिमंडलीय उपसमिति की अध्यक्षता कर रहे चीमा ने कहा कि सरकार ने संविदा कर्मचारियों को स्पष्ट भरोसा दिया है कि उनकी सभी जायज और वास्तविक मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार टकराव के बजाय संवाद के जरिए कर्मचारियों के मुद्दों को हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल भी समाप्त, वित्त विभाग बनाएगा विशेष कमेटी

वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि मंत्रिमंडलीय उपसमिति पिछले कई दिनों से विभिन्न विभागों के कर्मचारी संगठनों के साथ लगातार दौर की बैठकें कर रही है। पावर कॉम (PSPCL) में चल रहे आंदोलन पर जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि बिजली मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने हाल ही में बिजली कर्मचारियों के संगठनों के साथ विस्तृत चर्चा की थी।

इस दौरान कर्मचारी संगठनों ने मांगों की समीक्षा के लिए वित्त विभाग की समिति गठित करने के सरकारी प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद बिजली कर्मचारियों ने भी अपनी हड़ताल वापस लेकर काम शुरू कर दिया है।

Latest Posts