पंजाब में किसकी बनेगी सरकार; ताजा सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े, भगवंत मान सीएम की पहली पसंद

पंजाब में किसकी बनेगी सरकार; ताजा सर्वे में चौंकाने वाले आंकड़े, भगवंत मान सीएम की पहली पसंद

पंजाब में 2027 की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचलें तेज हो गई हैं। राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर जनता की नब्ज टटोलने के लिए 'वोट वाइब' (AT Vote Vibe LLP) ने अपना ताजा ओपिनियन पोल 'स्टेट वाइब - ट्रैकर 2' जारी किया है। करीब 4,273 लोगों के टेलीफोनिक सैंपल साइज पर आधारित इस सर्वे के आंकड़े साफ इशारा कर रहे हैं कि राज्य में मुकाबला बेहद कड़ा और बहुकोणीय होने जा रहा है।

सर्वे के अनुसार सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) 33.5 फीसदी वोट शेयर के साथ पहले स्थान पर काबिज है, जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस 27.6 फीसदी समर्थन के साथ बेहद करीब नजर आ रही है। दोनों प्रमुख दलों के बीच महज 5.9 फीसदी मतों का फासला है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 14.7 फीसदी और शिरोमणि अकाली दल (SAD) को 12.5 फीसदी वोट मिलने का अनुमान है। यदि भाजपा और अकाली दल के बीच संभावित चुनावी गठबंधन साकार होता है, तो दोनों का संयुक्त वोट शेयर मुकाबले को पूरी तरह त्रिकोणीय और अप्रत्याशित बना सकता है। इसके अलावा अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले 'वारिस पंजाब दे' से जुड़े धड़े को 8.1 फीसदी और अन्य निर्दलीयों को 1.7 फीसदी वोट मिलने के संकेत हैं।

जब मतदाताओं से यह सीधा सवाल किया गया कि सूबे में किसकी सरकार बनने जा रही है, तो 33.7 फीसदी लोगों ने आम आदमी पार्टी की जीत का दावा किया। वहीं 23.1 फीसदी ने कांग्रेस और 16.3 फीसदी ने भाजपा की सरकार बनने की बात कही। गौर करने वाली बात यह है कि कांग्रेस का जीत अनुमान (23.1%) उसके संभावित वोट शेयर (27.6%) से करीब 4.5 फीसदी कम है, जिससे साफ है कि पार्टी के समर्थक भी पूर्ण जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं दिख रहे हैं।

मुख्यमंत्री पद की पहली पसंद के मामले में मौजूदा सीएम भगवंत मान सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं। सर्वे में 35.9 फीसदी लोगों ने मान को सीएम के तौर पर अपनी पहली पसंद बताया, जो उनकी पार्टी के कुल वोट शेयर से भी 2.4 फीसदी ज्यादा है। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी 19.0 फीसदी पसंद के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि सुखबीर सिंह बादल को 14.6 फीसदी लोगों का समर्थन मिला है। भाजपा नेता केवल सिंह ढिल्लों 10.1 फीसदी और अमृतपाल सिंह 7.9 फीसदी मतदाताओं की पहली पसंद बने हैं।

चुनावी मुद्दों की बात करें तो पंजाब में नशा और ड्रग्स का प्रसार आज भी सबसे बड़ा और संवेदनशील चुनावी मुद्दा बना हुआ है। सर्वे में 31.1 फीसदी लोगों ने नशे को सबसे गंभीर समस्या माना, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 36.1 फीसदी और 25 से 34 साल के युवाओं के बीच 42.2 फीसदी तक दर्ज किया गया। इसके बाद बेरोजगारी और युवाओं का विदेशों में पलायन 23 फीसदी समर्थन के साथ दूसरा सबसे बड़ा मुद्दा है, जो शहरी क्षेत्रों में 27.5 फीसदी तक आंका गया। वहीं 17.3 फीसदी लोगों के लिए कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा सबसे अहम विषय है।

राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों के कामकाज पर जनता का मूड मिला-जुला और एंटी-इंकंबेंसी से भरा नजर आ रहा है। भगवंत मान सरकार के प्रदर्शन से 39.5 फीसदी लोग संतुष्ट हैं (30.2% पूर्णतः संतुष्ट, 9.3% संतुष्ट), जबकि 42.9 फीसदी लोग असंतुष्ट हैं (18.5% असंतुष्ट, 24.4% पूर्णतः असंतुष्ट) और 14.8 फीसदी ने कामकाज को औसत बताया। हालांकि सबसे बड़ा खतरा मौजूदा विधायकों के लिए सामने आया है, जहां सरकार के मुकाबले स्थानीय विधायकों के प्रति जन-आक्रोश 9.5 अंक ज्यादा है। सर्वे में कुल 52.4 फीसदी मतदाताओं ने अपने मौजूदा विधायक के कामकाज पर गहरा असंतोष व्यक्त किया है, जबकि सिर्फ 30.6 फीसदी लोग ही अपने स्थानीय विधायक से संतुष्ट दिखे। ग्रामीण अंचलों में मौजूदा विधायकों के खिलाफ यह पूर्ण असंतोष 34.6 फीसदी तक पहुंच गया है, जो आगामी चुनाव में बड़े टिकट कटने और सत्ता विरोधी लहर का स्पष्ट संकेत दे रहा है।