सचिन, धोनी और लक्ष्मण वाले 'क्लब' में जुड़े यश ठाकुर, डेब्यू मैच में हुआ ऐसा कि 16 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच बे ओवल के मैदान पर खेले जा रहे पांच मैचों की द्विपक्षीय सीरीज के पांचवें व अंतिम वनडे मुकाबले में युवा तेज गेंदबाज यश ठाकुर को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिला। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम जब गहरे संकट में फंसी थी, तब नौवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए यश ठाकुर बिना कोई रन बनाए शून्य पर पवेलियन लौट गए। इस डक के साथ ही उनका नाम एक ऐसे अनचाहे क्लब में शामिल हो गया है, जिसमें सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी, वीवीएस लक्ष्मण और शिखर धवन जैसे दिग्गज क्रिकेटर पहले से दर्ज हैं।
भारतीय क्रिकेट इतिहास में 16 साल बाद किसी खिलाड़ी के साथ डेब्यू पर ऐसा वाकया हुआ है। भारत के लिए वनडे पदार्पण पर शून्य पर आउट होने की शुरुआत 1974 में पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के साथ हुई थी। इसके बाद 1989 में सचिन तेंदुलकर अपने पहले वनडे में खाता नहीं खोल पाए थे, जबकि 2004 में पूर्व कप्तान एमएस धोनी अपने पहले मैच में बिना खाता खोले दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए थे। यश से पहले आखिरी बार 2010 में शिखर धवन अपने पदार्पण पर शून्य पर आउट हुए थे। अब 2026 में यश ठाकुर इस सूची में शामिल होने वाले 18वें भारतीय बन गए हैं। इस फेहरिस्त में सुरिंदर खन्ना (1979), रोजर बिन्नी (1980), योगराज सिंह (1980), के. श्रीकांत (1981), अशोक पटेल (1984), लालचंद राजपूत (1985), संजीव शर्मा (1988), वीवीएस लक्ष्मण (1998), ज्ञानेंद्र पांडे (1999), जय प्रकाश यादव (2002), आविष्कार साल्वी (2003), सुरेश रैना (2005) और वसीम जाफर (2006) का नाम भी शामिल है।
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम का शीर्ष क्रम ताश के पत्तों की तरह ढह गया और पूरी टीम 209 रनों पर सिमट गई। ईशान किशन और अक्षर पटेल ने जरूर टिककर संघर्ष किया, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज 46-46 रन बनाकर अपने अर्धशतक से चूक गए। रोहित शर्मा केवल 7 रन और विराट कोहली महज 5 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों से ज्यादा रन तो पुछल्ले बल्लेबाजों मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने बनाए, जिन्होंने 14-14 रन का योगदान दिया। अंतिम विकेट के लिए सिराज और अर्शदीप के बीच हुई 26 रनों की अहम साझेदारी के दम पर ही भारत 200 का आंकड़ा पार कर सका, जिससे न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 210 रनों का लक्ष्य तय हुआ।