क्या चरणजीत सिंह चन्नी की बगावत से विधानसभा चुनाव से पहले टूट जाएगी कांग्रेस?
आगामी वर्ष होने वाले पंजाब विधानसभा इलेक्शन से ठीक पहले पंजाब कांग्रेस के भीतर की अंदरूनी कलह खुलकर सड़क पर आ गई है। बुधवार को जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जंतर-मंतर पर छात्रों के विरुद्ध हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेर रहे थे, तब जालंधर से कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी संसद से पूरी तरह नदारद थे।
पंजाब से कांग्रेस के कुल सात सांसद हैं, जिनमें से एकमात्र चन्नी ही इस अहम मौके पर अनुपस्थित रहे। उनकी यह गैरहाजिरी सियासी गलियारों में भारी चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि चन्नी दिल्ली में पार्टी आलाकमान का साथ देने के बजाय पंजाब के फरीदकोट में एक बड़ी रैली के जरिए अपना शक्ति प्रदर्शन कर रहे थे।
वॉट्सऐप ग्रुप में निर्देश के बावजूद संसद से गायब रहे चन्नी
पार्टी सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के भाषण के दौरान संसद में मौजूद रहने के लिए आधिकारिक तौर पर कोई 'व्हिप' तो जारी नहीं किया गया था, लेकिन कांग्रेस संसदीय दल के प्रमुख और अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला ने सभी सांसदों को एक वॉट्सऐप मैसेज भेजा था। इस मैसेज में सभी सांसदों से दोपहर 12 बजे से सदन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की गई थी। राहुल गांधी का भाषण दोपहर करीब 1 बजे शुरू हुआ, लेकिन चन्नी ने इस निर्देश को दरकिनार कर दिया और दिल्ली से दूर रहे।
फरीदकोट में चन्नी का बड़ा शक्ति प्रदर्शन
संसद की अहम कार्यवाही छोड़कर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने फरीदकोट स्थित बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के बाहर एक विशाल धरने का नेतृत्व किया। यह विरोध प्रदर्शन हाल ही में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में सामने आए विवाद और पंजाब पुलिस द्वारा पकड़े गए अंतरराज्यीय नकल गिरोह के विरुद्ध था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस धरने का आयोजन पूर्व कांग्रेस विधायक कुशलदीप सिंह 'किक्की' ढिल्लों ने किया था। ढिल्लों को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को पद से हटाने की मुहिम में चन्नी का सबसे प्रमुख रणनीतिकार माना जाता है। इस प्रदर्शन में चन्नी के साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद थे, जिनमें कपूरथला से विधायक राणा गुरजीत सिंह, फतेहगढ़ चूड़ियां से तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, गुरदासपुर से बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा, पूर्व मंत्री भरत भूषण आशु और पूर्व सांसद मोहम्मद सादिक शामिल थे।