जयपुर में 15% सस्ते किराये वाली 'टैक्सी सेवा' शुरू, न सर्ज प्राइसिंग का झंझट, न ड्राइवर को कमीशन की टेंशन
अगर आप भी जयपुर में कैब कंपनियों के महंगे किराये और पीक आवर्स (Peak Hours) की सर्ज प्राइसिंग से परेशान हो चुके हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खुशखबरी है। राजधानी जयपुर में अब एक नए को-ऑपरेटिव (सहकारी) मॉडल पर आधारित 'भारत टैक्सी' (Bharat Taxi) सर्विस का शानदार ट्रायल शुरू हो गया है। यह कैब सर्विस न सिर्फ यात्रियों को 15 प्रतिशत तक सस्ता सफर कराएगी, बल्कि ड्राइवर्स की भी पूरी कमाई उनके पास ही रहेगी क्योंकि कंपनी उनसे कोई कमीशन नहीं लेगी।
बारिश हो या पीक ऑवर, नहीं लगेगा 'सर्ज प्राइस'
भारत टैक्सी ऐप की सबसे बड़ी खासियत इसका फेयर (किराया) सिस्टम है। अन्य कैब एग्रीगेटर कंपनियों में अक्सर बारिश के दौरान या ऑफिस टाइम की भारी डिमांड के समय किराया अचानक से दोगुना-तिगुना हो जाता है। कंपनी का दावा है कि भारत टैक्सी में यात्रियों से किसी भी तरह का अतिरिक्त चार्ज या सर्ज प्राइसिंग नहीं वसूली जाएगी। चाहे दिन हो या रात, या फिर व्यस्त समय, आपका किराया हमेशा सामान्य और फिक्स ही रहेगा।
महिला सुरक्षा के लिए अचूक 'शेक टू SMS' फीचर
आधुनिक तकनीक और एआई (AI) सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए इस ऐप में यात्रियों के लिए 'शेक टू एसएमएस' (Shake to SMS) फीचर जोड़ा गया है।
-
कैसे करेगा काम: ऐप की सेटिंग में जाकर यात्री पहले से अपने परिवार या दोस्तों के 3 इमरजेंसी कॉन्टैक्ट नंबर सेव कर सकते हैं।
-
किसी भी खतरे या आपातकालीन स्थिति में यात्री को बस अपना मोबाइल फोन जोर से हिलाना (Shake) होगा।
-
ऐसा करते ही बिना कोई बटन दबाए यात्री की लाइव लोकेशन (Live Location) तुरंत उन तीनों नंबरों पर पहुंच जाएगी। महिलाओं और अकेले सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह फीचर एक बड़ा सुरक्षा कवच साबित होगा।
जयपुर के किन इलाकों में मिल रही है सर्विस? (लोकल अवेलेबिलिटी)
वर्तमान में यह कैब सर्विस ट्रायल मोड पर चल रही है। अगर आप जयपुर के मालवीय नगर, दुर्गापुरा, टोंक रोड, सोडाला और जवाहर सर्किल जैसे इलाकों में हैं, तो आपको ऐप पर आसानी से टैक्सी मिल जाएगी। वहीं, शहर के बाहरी इलाकों जैसे वैशाली नगर, प्रतापनगर, मान्यावास, भांकरोटा, आगरा रोड और सीकर रोड में अभी कैब की संख्या थोड़ी सीमित है, इसलिए यहां यात्रियों को बुकिंग के बाद हल्का इंतजार करना पड़ सकता है।
36 हजार ड्राइवर्स का रजिस्ट्रेशन, 24 घंटे सर्विस का लक्ष्य
भारत टैक्सी जयपुर के सिटी हेड अभिषेक चारण ने जानकारी दी कि पिछले एक महीने के अंदर ही शहर के करीब 36,000 ड्राइवर्स इस ऐप पर अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। फिलहाल सड़क पर 3,400 वाहन ट्रायल के तौर पर दौड़ रहे हैं। जैसे-जैसे नए वाहन सिस्टम से जुड़ते जाएंगे, आने वाले कुछ ही महीनों में पूरे जयपुर शहर में 24 घंटे और सातों दिन यह कैब सुविधा निर्बाध रूप से उपलब्ध हो जाएगी। इस पहल का सीधा मकसद यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर देना और चालकों को जीरो कमीशन पर बेहतर आय का विकल्प देना है।