जयपुर-भीलवाड़ा हाईवे पर बड़ा हादसा; टोल प्लाजा के पास अनियंत्रित होकर पलटी बस, वाहनों में फंसे घायलों को देख कांप उठे लोग
राजस्थान के टोंक जिले से एक बड़ी और दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। टोंक के मालपुरा थाना क्षेत्र में जयपुर-भीलवाड़ा स्टेट हाईवे पर अविकानगर टोल प्लाजा के पास मंगलवार को एक राजस्थान लोक परिवहन/रोडवेज बस और टैक्सी के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि टैक्सी चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद चीख-पुकार मच गई और रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
टोल प्लाजा के पास मचा हड़कंप, वाहनों में फंसे घायलों को निकाला बाहर
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मालपुरा थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त टैक्सी में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए राजकीय जिला चिकित्सालय मालपुरा पहुंचाया गया। इस दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
अलवर निवासी टैक्सी चालक ने तोड़ा दम, जयपुर रेफर किए गए गंभीर घायल
हादसे में टैक्सी चालक राशिद (पुत्र अख्तर खान, निवासी हरसोली, थाना गोविंदगढ़, जिला अलवर) की दुखद मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं हादसे में घनश्याम धानका (निवासी सरदारपुरा, आमेर), रामप्रसाद धानका और हजारीलाल धानका (निवासी खेड़ा जगन्नाथपुरा, चाकसू) की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया गया है।