गुरु पूर्णिमा पर राजस्थान के 40 लाख छात्रों को बड़ा तोहफा, CM भजनलाल ने ट्रांसफर किए 250 करोड़
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार ने प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सौगातों का पिटारा खोल दिया है। भरतपुर के वैर तहसील के खेड़ली गुर्जर गांव में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शिक्षा जगत के लिए ₹947 करोड़ से अधिक की विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) किया है।
इस कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 40 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के लिए रहा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने सीधे तौर पर एक बड़ा वित्तीय तोहफा दिया है।
1. फ्री यूनिफॉर्म के लिए बैंक खातों में भेजे ₹250 करोड़
मुख्यमंत्री ने बटन दबाकर प्रदेश के सरकारी स्कूलों की कक्षा 1 से 8 तक में पढ़ने वाले 40 लाख से अधिक पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में ₹250 करोड़ की राशि सीधे ट्रांसफर (DBT) की। यह राशि छात्रों को नि:शुल्क स्कूल यूनिफॉर्म खरीदने के लिए सहायता के रूप में दी गई है।
-
नीति में बदलाव: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस दौरान कहा कि पिछली सरकार के समय केवल ड्रेस का कपड़ा दिया जाता था, जिसमें कई तरह की विसंगतियां होती थीं। हमारी सरकार ने सीधे बैंक खातों में पैसे भेजे हैं ताकि छात्र अपनी जरूरत और सही नाप के हिसाब से यूनिफॉर्म सिलवा या खरीद सकें। इससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आएगी।
2. 'मिशन पढ़ो राजस्थान' और निपुण कैलेंडर का शुभारंभ
विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ तथा पठन-पाठन को बेहद सहज व मनोरंजक बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 'मिशन पढ़ो राजस्थान' के तहत एक विशेष रीडिंग प्रमोशन कैम्पेन (Reading Promotion Campaign) की शुरुआत की है।
-
क्या है योजना: इस अभियान के अंतर्गत अब प्रदेश के समस्त सरकारी विद्यालयों में प्रतिदिन 7वें कालश (Period) को विशेष रूप से रीडिंग यानी पठन के लिए समर्पित किया जाएगा।
-
निपुण कैलेंडर: इसके साथ ही बच्चों की सालभर की शैक्षणिक गतिविधियों की ट्रैकिंग और स्कूल प्रबंधन में अभिभावकों (Parents) की भागीदारी बढ़ाने के लिए 'निपुण कैलेंडर' का भी विमोचन किया गया।
3. ₹691 करोड़ के प्रोजेक्ट्स और बालिका सैनिक स्कूल का शिलान्यास
बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में सीएम ने करीब ₹691 करोड़ की लागत वाले विभिन्न शैक्षणिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। इसमें सबसे बड़ा कदम भरतपुर में 'बालिका सैनिक विद्यालय' की आधारशिला रखना रहा, जो राज्य में बेटियों को सैन्य शिक्षा और सशक्तिकरण की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई को सुगम बनाने के लिए विशेष टैबलेट (Tablets) वितरित किए और बोर्ड परीक्षाओं में शानदार परीक्षा परिणाम देने वाले प्रदेश के होनहार शिक्षकों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।