सात समंदर पार से बारात लेकर राजस्थान पहुंचा फ्रेंच दूल्हा! न्यूजीलैंड में हुआ प्यार, हनुमानगढ़ में लिए सात फेरे
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले का संगरिया कस्बा इन दिनों एक अनोखी अंतरराष्ट्रीय शादी का गवाह बना है। फ्रांस से आए दूल्हे राजा अपनी बारात लेकर ठेठ राजस्थानी संस्कृति के बीच पहुंचे, जहां विदेशी बाराती भी पूरी तरह से भारतीय परंपराओं के रंग में रंगे दिखाई दिए। संगरिया की रहने वाली दिव्या ज्योति ने फ्रांस के रहने वाले रोमेन के साथ सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। सात समंदर पार से आए विदेशी मेहमानों ने भी राजस्थानी साफे, ढोल की थाप और स्थानीय खान-पान का भरपूर लुत्फ उठाया।
दुल्हन दिव्या ज्योति संगरिया के एक सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी की बेटी हैं। उन्होंने ग्वालियर से बीटेक की डिग्री हासिल की और इसके बाद गुरुग्राम में आईबीएम तथा नोएडा में एचसीएल जैसी दिग्गज आईटी कंपनियों में अपनी सेवाएं दीं। करियर में आगे बढ़ते हुए दिव्या काम के सिलसिले में न्यूजीलैंड चली गईं। वहीं उनकी मुलाकात फ्रांस के मूल निवासी रोमेन से हुई, जो पेशे से एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं।
न्यूजीलैंड में पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने का फैसला किया और अपने-अपने परिवारों से इस रिश्ते की बात साझा की। दोनों परिवारों ने खुले दिल से इस रिश्ते को स्वीकार कर अपनी सहमति दे दी। इसके बाद तय हुआ कि विवाह समारोह किसी विदेशी शहर के बजाय दिव्या के गृह नगर राजस्थान के संगरिया में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस खास शादी में शामिल होने के लिए दूल्हे रोमेन के साथ फ्रांस से आए उनके कई दोस्त और परिजन भी संगरिया पहुंचे। शादी की रस्मों के दौरान विदेशी मेहमान पारंपरिक परिधानों में सजे नजर आए और उन्होंने हल्दी, मेहंदी, फेरे और बारात के दौरान खूब डांस किया। संगरिया में हुई यह शादी स्थानीय लोगों के बीच खासा कौतूहल और चर्चा का विषय बनी रही, जहां दो अलग-अलग देशों और संस्कृतियों का बेहद खूबसूरत संगम देखने को मिला।