खाटूश्यामजी जाने वाले भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी! रेलवे ने चला दी स्पेशल ट्रेनें, बिना रिजर्वेशन मिलेगी एंट्री

खाटूश्यामजी जाने वाले भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी! रेलवे ने चला दी स्पेशल ट्रेनें, बिना रिजर्वेशन मिलेगी एंट्री

राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम के जन्मोत्सव और देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर उमड़ने वाले जनसैलाब को देखते हुए भारतीय रेलवे ने कमर कस ली है। उत्तर-पश्चिम रेलवे ने दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा से आने वाले लाखों श्याम भक्तों के सुगम सफर के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें दिल्ली सराय रोहिल्ला और रेवाड़ी जंक्शन से रींगस जंक्शन तक चलेंगी, जहां से श्रद्धालु आसानी से सड़क मार्ग के जरिए खाटू धाम पहुंच सकेंगे। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के मुताबिक, अतिरिक्त भीड़ को प्रबंधित करने और यात्रियों को बिना आरक्षण झंझट के त्वरित यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दोनों ट्रेनों में केवल अनारक्षित सामान्य (जनरल) कोच लगाए गए हैं।

हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों के लिए रेवाड़ी-रींगस रूट पर 19 और 20 नवंबर को स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन नंबर 09637 रेवाड़ी जंक्शन से सुबह 11:00 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 09638 रींगस से दोपहर 2:55 बजे चलकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। इस 15 कोच वाली ट्रेन में 13 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल रहेंगे। यह ट्रेन मार्ग में कुंड, अटेली, नारनौल, अमरपुर जोरासी, निजामपुर, डाबला, मावंडा, नीमकाथाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे ग्रामीण और उपनगरीय क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

दिल्ली-एनसीआर के भक्तों के लिए दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस स्पेशल एक्सप्रेस 18 से 22 नवंबर के बीच चार फेरे लगाएगी। ट्रेन नंबर 04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला से 18 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन शाम 7:00 बजे प्रस्थान करेगी और देर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी सेवा के तहत ट्रेन नंबर 04471 रींगस से 19 से 22 नवंबर तक रोजाना रात 2:00 बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय रोहिल्ला पहुंचेगी। कुल 18 कोच (16 जनरल और 2 गार्ड वैन) वाली यह ट्रेन रास्ते में दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी जंक्शन, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर ठहरेगी। इस विशेष रेल प्रबंध से त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में सीट की मारामारी खत्म होगी और श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।