राजस्थान पुलिस बनेगी हाईटेक: आसमान से ड्रोन रखेंगे नजर, जैमर और K9 डॉग वैन के लिए 96.82 करोड़ मंजूर

राजस्थान पुलिस बनेगी हाईटेक: आसमान से ड्रोन रखेंगे नजर, जैमर और K9 डॉग वैन के लिए 96.82 करोड़ मंजूर

राजस्थान में कानून-व्यवस्था को पुख्ता करने और अपराधियों की नकेल कसने के लिए पुलिस महकमा अब जमीन से लेकर आसमान तक पूरी तरह हाईटेक होने जा रहा है। राज्य सरकार ने पुलिस तंत्र को आधुनिक तकनीक और नए संसाधनों से मजबूत करने के लिए 96 करोड़ 82 लाख रुपये के भारी-भरकम बजट को वित्तीय स्वीकृति दे दी है। इस योजना में केंद्र सरकार 58 करोड़ 9 लाख 23 हजार रुपये का योगदान देगी, जबकि राज्य सरकार की ओर से 38 करोड़ 78 लाख 82 हजार रुपये का खर्च वहन किया जाएगा। बजट घोषणा 2026-27 के प्रावधानों के तहत स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स जैसी विशेष विंग्स को आधुनिक हथियारों, दफ्तरों और सर्विलांस उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा।

आपात स्थितियों और संदिग्ध वस्तुओं की त्वरित जांच के लिए बम निरोधक दस्ते (BDS) को 6 करोड़ रुपये की लागत से 20 नई वैन मुहैया कराई जाएंगी, जो प्रशिक्षित K9 डॉग यूनिट से लैस होंगी। इसके साथ ही संवेदनशील अभियानों की सुगमता के लिए 2.60 करोड़ रुपये की लागत से 20 स्पेशल पर्पज व्हीकल खरीदे जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों, वीआईपी दौरों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा जांच को गति देने के लिए 1.40 करोड़ रुपये के पांच एडवांस बैगेज स्कैनर की खरीद को भी हरी झंडी मिली है।

दुर्गम और घनी आबादी वाले इलाकों में निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 2.10 करोड़ रुपये की लागत से सात अत्याधुनिक ड्रोन कैमरे खरीदे जा रहे हैं। वहीं, असामाजिक तत्वों की संदिग्ध गतिविधियों और इलेक्ट्रॉनिक संचार को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बेड़े में 1.25 करोड़ रुपये का एक हाई-पावर पोर्टेबल जैमर भी शामिल किया जाएगा। इससे संवेदनशील अभियानों के दौरान सिग्नल ब्लॉकिंग और नेटवर्क नियंत्रण बेहद आसान हो जाएगा।

पुलिस जवानों की कार्यकुशलता और निशानेबाजी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए पारंपरिक तौर-तरीकों में भी बदलाव किया जा रहा है। जवानों के अभ्यास के लिए 1.60 करोड़ रुपये की लागत से दो अत्याधुनिक 6-लेन फायरिंग सिम्युलेटर स्थापित किए जाएंगे। इस आभासी तकनीक के माध्यम से जवान बिना गोला-बारूद बर्बाद किए विभिन्न चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सटीक निशाना साधने और त्वरित निर्णय लेने का गहन अभ्यास कर सकेंगे। मादक पदार्थों की तस्करी, संगठित गिरोहों और साइबर-तकनीकी अपराधों पर नकेल कसने की दिशा में यह आधुनिकीकरण योजना राजस्थान पुलिस के लिए मील का पत्थर साबित होगी।