खाना परोसने में देरी पर होटल संचालक को मारी गोली, अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस भी पलटी
नागौर जिले के सदर थाना क्षेत्र के खरनाल गांव में एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार अलसुबह महज खाना परोसने में हुई मामूली सी देरी एक हंसते-खेलते इंसान की जिंदगी पर भारी पड़ गई।
कुछ दबंग युवकों ने विवाद के दौरान होटल संचालक को सीने में गोली मार दी, और जब घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, तब रास्ते में एंबुलेंस भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दोहरे हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और हर कोई स्तब्ध है।
अलसुबह नीलकंठ होटल पर हुई थी मामूली कहासुनी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार अलसुबह करीब 4:30 बजे खरनाल गांव स्थित नीलकंठ होटल पर कुछ युवक खाना खाने के लिए पहुंचे थे। होटल संचालक रामकुमार उर्फ रामदास (40), जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे, उन्होंने युवकों को खाना परोसने में कुछ देर कर दी। बस इसी बात पर युवक आग बबूला हो गए और होटल संचालक के साथ कहासुनी करने लगे। बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ ही पलों में मामूली विवाद ने एक खूनी रूप ले लिया।
गुस्से में आकर युवक ने दाग दी सीने में गोली
विवाद के दौरान गुस्साए युवकों में से एक ने अचानक अपनी पिस्टल निकाली और होटल संचालक रामकुमार के सीधे सीने पर गोली दाग दी। गोली चलते ही रामकुमार खून से लथपथ होकर मौके पर ही ढेर हो गए। अचानक हुई इस फायरिंग की घटना से वहां अफरातफरी मच गई और आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। होटल पर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और बिना देर किए घायल रामकुमार को एंबुलेंस की मदद से नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।
जोधपुर रेफर के दौरान रास्ते में पलटी एंबुलेंस
नागौर के जेएलएन अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने रामकुमार की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत जोधपुर रेफर कर दिया। परिजन और मेडिकल टीम उन्हें लेकर जोधपुर के लिए रवाना हुए, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। रास्ते में खींवसर के पास अचानक एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गई। इस सड़क हादसे ने स्थिति को और अधिक गंभीर बना दिया।