राजस्थान में मानसून का महा-अलर्ट: अगले 5 दिन होगी आफत की बारिश, इन 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में मानसून का महा-अलर्ट: अगले 5 दिन होगी आफत की बारिश, इन 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

राजस्थान में मानसूनी हवाओं ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है और प्रदेश के बड़े हिस्से में मेघ मेहरबान हैं। शनिवार को सीकर, सवाई माधोपुर, झालावाड़ और उदयपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया। हालांकि, जहां एक तरफ पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान पानी-पानी हो रहा है, वहीं पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अब भी सूरज आग उगल रहा है। जयपुर मौसम केंद्र ने राज्य में अगले पांच दिनों तक मानसून की भारी सक्रियता रहने और कई इलाकों में मूसलाधार से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

इन 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी राजस्थान के ऊपर से गुजर रही है।

इन दोनों मौसम प्रणालियों के संयुक्त प्रभाव से रविवार को झालावाड़, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और उदयपुर जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा, सीमावर्ती जिलों जैसलमेर और बीकानेर को छोड़कर राजस्थान के लगभग सभी जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का 'येलो अलर्ट' प्रभावी है।

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी हुई बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कैचमेंट एरिया और शहरों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। आंकड़ों के अनुसार सीकर के पलसाना में सबसे ज्यादा 33 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा में 28 मिमी, झालावाड़ के झालरापाटन में 28 मिमी, प्रतापगढ़ के दलोत में 16 मिमी, सलूंबर में 18 मिमी, नवलगढ़ में 12 मिमी और हनुमानगढ़ के भादरा में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई। लेक सिटी उदयपुर में दिनभर रुक-रुककर फुहारें गिरती रहीं, जिससे वहां 11 मिमी बारिश हुई, जबकि कोटा के मंडाना और इटावा में आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश ने सड़कों को दरिया बना दिया।

Latest Posts