'मम्मी शांत हो गई, हमें भी मार देंगे...' - घायल बेटी ने रात में फोन कर पुलिस से मांगी मदद, मंजर देखकर कांप उठे अफसर
राजस्थान के फलोदी जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फलोदी के जंभेश्वर नगर में देर रात घर के बाहर सो रही एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
इस खौफनाक हमले में महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसकी दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
बेटी ने दिखाई हिम्मत और पुलिस को दी सूचना, ट्रक चालक है मृतका का पति
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान गंभीर रूप से घायल हुई एक बेटी ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर घटना की सूचना पुलिस को दी। मृतका की पहचान भंवरी (32 वर्ष), पत्नी गंगाविशन विश्नोई, निवासी जंभेश्वर नगर के रूप में हुई है।
मृतका का पति पेशे से ट्रक ड्राइवर है और वारदात के वक्त वह काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। घर में महिला अपनी दोनों बेटियों, रामज्योति (16) और सोनू (10) के साथ अकेली थी और गर्मी के कारण घर के बाहर सो रही थी, तभी हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया।
लोहावट अस्पताल से जोधपुर एमडीएम रेफर की गई बड़ी बेटी, एफएसएल टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस ने मृतका के शव को लोहावट अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जबकि दोनों घायल बच्चियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
बड़ी बेटी रामज्योति (16) की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर के एमडीएम (MDM) अस्पताल रेफर कर दिया गया है। वारदात की गंभीरता को देखते हुए देर रात ही डॉग स्क्वॉड और एफएसएल (FSL) की टीमों को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने दी मामले की जानकारी, आरोपियों की तलाश तेज
फलोदी जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बृजराज सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें हमलावरों का सुराग लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।