पूरी ट्रेन को बारूद से उड़ाने की थी साजिश! पाकिस्तान की नापाक चाल नाकाम, महिला समेत 2 गिरफ्तार!

पूरी ट्रेन को बारूद से उड़ाने की थी साजिश! पाकिस्तान की नापाक चाल नाकाम, महिला समेत 2 गिरफ्तार!

राजस्थान के सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाकर किए गए धमाके की गुत्थी सुरक्षा एजेंसियों ने सुलझा ली है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल खंड पर 50 जीबी गांव के समीप पटरियों पर हुए इस आईईडी (IED) विस्फोट के मामले में एक महिला समेत दो संदिग्धों को दबोचा गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर निवासी देवेंद्र सिंह और महकदीप कौर के रूप में हुई है। राजस्थान एटीएस, स्थानीय जिला पुलिस और गुरदासपुर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में दोनों को धर दबोचा गया, जिन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच पूछताछ के लिए राजस्थान लाया गया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इस पूरे षड्यंत्र का मुख्य मास्टरमाइंड सीमा पार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई (ISI) है। साजिश का सीधा मकसद रेलवे ट्रैक पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस लगाकर पूरी पैसेंजर ट्रेन को तबाह करना था। पाकिस्तान में बैठे 'शाह' नाम के हैंडलर ने ही इन दोनों आरोपियों को इस वारदात को अंजाम देने का जिम्मा सौंपा था। देवेंद्र और महकदीप ने उसी हैंडलर के दिशा-निर्देशों पर पटरियों पर विस्फोटक प्लांट किया था, लेकिन ट्रेन के गुजरने के बाद धमाका होने से एक भयावह त्रासदी टल गई और सैकड़ों मुसाफिर बाल-बाल बच गए।

वित्तीय और लॉजिस्टिक जांच में सीमा पार से फंडिंग का पुख्ता सुराग मिला है। पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी महकदीप कौर के बैंक खाते में पाकिस्तान से सीधे पैसे ट्रांसफर किए गए थे। इतना ही नहीं, इस नेटवर्क को पाकिस्तान से हथियारों की खेप भी पहुंचाई गई थी। दोनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने दो आधुनिक पिस्टल और 46 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच दल अब यह खंगाल रहा है कि ड्रोन या किन गुप्त जरियों से यह गोला-बारूद और नकदी आरोपियों तक डिलीवर की गई।

सुरक्षा एजेंसियां अब इस पूरे आतंकी नेटवर्क के जमीनी सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुटी हैं। प्राथमिक पूछताछ के आधार पर मदद मुहैया कराने के संदेह में कई अन्य स्थानीय संपर्कों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारी यह पुख्ता करने में लगे हैं कि इस मॉड्यूल में सीमा पार के निर्देशों पर और कितने स्लीपर सेल या सहयोगी जुड़े हुए थे, जिससे आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियों की पूरी संभावना जताई जा रही है।