कोहली के करियर पर लगा बड़ा 'दाग'! न्यूजीलैंड में बने 5 रन और दर्ज हुआ 18 साल का सबसे शर्मनाक रिकॉर्ड!
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैचों की वनडे सीरीज में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला पूरी तरह खामोश साबित हुआ है। अपने करियर के संभावित आखिरी न्यूजीलैंड दौरे पर खेल रहे कोहली से फैंस को जिस धमाकेदार प्रदर्शन की उम्मीद थी, उसका बिल्कुल उलट देखने को मिला। माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेले जा रहे पांचवें और निर्णायक मुकाबले में विराट महज 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस खराब पारी के साथ ही उनके नाम एक ऐसा शर्मनाक रिकॉर्ड जुड़ गया, जिसकी कल्पना शायद खुद उन्होंने भी कभी नहीं की होगी।
सीरीज का आगाज कोहली ने शानदार 74 रनों की अर्धशतकीय पारी के साथ किया था, लेकिन इसके बाद उनका बल्ला मानों रूठ सा गया। दूसरे मुकाबले में 7 रन और चौथे मैच में शून्य पर आउट होने के बाद आखिरी मुकाबले में भी वे केवल 5 रन ही जोड़ सके। चार या उससे अधिक मैचों की किसी द्विपक्षीय वनडे सीरीज में यह उनके करियर का सिर्फ दूसरा ऐसा मौका है, जब वे तीन पारियों में दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। इससे पहले साल 2012-13 में पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में कोहली 0, 6 और 7 के स्कोर पर सस्ते में निपट गए थे। बहुपक्षीय टूर्नामेंट्स और ट्राई-सीरीज को मिलाकर देखें तो उनके 18 साल लंबे वनडे करियर में ऐसा कुल चौथी बार हुआ है, जब किसी एक सीरीज में वे तीन बार सिंगल डिजिट पर आउट हुए हों। इससे पहले 2011 विश्व कप, 2012-13 पाकिस्तान सीरीज और 2014-15 की ऑस्ट्रेलियाई ट्राई-सीरीज में ऐसा देखने को मिला था।
चिंताजनक बात यह है कि इस पूरी सीरीज में सिर्फ कोहली ही नहीं, बल्कि भारतीय टीम का समूचा टॉप ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। बारिश की भेंट चढ़े एक मुकाबले को छोड़कर बाकी चार मैचों में भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने मिलकर महज 14.66 की बेहद खराब औसत से केवल 176 रन जोड़े, जिसमें एकमात्र अर्धशतक कोहली का ही था। यह आंकड़ा इसलिए भी चौंकाने वाला है क्योंकि ठीक एक महीने पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में इसी भारतीय टॉप ऑर्डर ने 103.85 की जबर्दस्त औसत से 727 रन कूटे थे।