img

Up kiran,Digital Desk : बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडियन राजपाल यादव के लिए पिछला कुछ समय काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल की सजा काट रहे अभिनेता आखिरकार मंगलवार को रिहा हो गए। जेल से बाहर आने के दो दिन बाद राजपाल यादव ने सोशल मीडिया पर वापसी की और एक भावुक पोस्ट साझा कर उन तमाम लोगों का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने मुश्किल घड़ी में उनका साथ दिया। हालांकि, उनकी इस पोस्ट पर फैंस के बीच जबरदस्त बहस छिड़ गई है—जहाँ एक तरफ लोग उनके लौटने का जश्न मना रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग उन्हें जमकर खरी-खोटी सुना रहे हैं।

हाई कोर्ट से मिली राहत, तिहाड़ से हुई रिहाई

चेक बाउंस से जुड़े एक पुराने मामले में अदालती आदेश के बाद राजपाल यादव ने 5 फरवरी 2026 को तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण (Surrender) किया था। करीब 12 दिन सलाखों के पीछे रहने के बाद उन्हें हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिल गई, जिसके बाद मंगलवार को वे बाहर आए। राजपाल ने अपनी पोस्ट में लिखा, "आप सभी के प्यार और साथ के लिए दिल से धन्यवाद।"

फैंस बोले- 'कॉमेडी किंग' की वापसी हुई

राजपाल के जेल से बाहर आते ही उनके चाहने वालों ने कमेंट बॉक्स में प्यार की झड़ी लगा दी। एक यूजर ने मजेदार अंदाज में लिखा, "जेल का ताला टूट गया, यादव जी छूट गया।" वहीं, एक अन्य फैन ने कमेंट किया, "सर आप खुश रहो, हम सब आपके साथ हैं। वेल्कम बैक कॉमेडी किंग!" दर्शकों को उम्मीद है कि राजपाल जल्द ही बड़े पर्दे पर अपनी कॉमेडी से एक बार फिर उन्हें गुदगुदाएंगे।

ट्रोलर्स ने ली चुटकी: "भाई, पैसे लौटा देना"

सपोर्ट के साथ-साथ राजपाल को कुछ तीखे कमेंट्स का भी सामना करना पड़ रहा है। कई यूजर्स ने उन पर कर्ज न चुकाने को लेकर कटाक्ष किया। एक यूजर ने लिखा, "सलमान खान के पैसे लौटा देना सर प्लीज।" वहीं, एक अन्य ने सलाह देते हुए कहा, "अब उधार मत लेना, जरूरत हो तो हम लोगों को बता देना।" कुछ लोग इतने सख्त दिखे कि उन्होंने सीधा सवाल दाग दिया— "बिजनेसमैन के पैसे लौटा दिए क्या या सिर्फ जेल से बाहर आए हो?"

आखिर क्यों खानी पड़ी जेल की हवा?

राजपाल यादव की इस मुश्किल की जड़ें साल 2012 में उनकी फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़ी हैं। इस फिल्म के निर्माण के लिए राजपाल ने 5 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जो ब्याज समेत बढ़कर 9 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई और राजपाल कर्ज के जाल में फंस गए। अदालत ने उन्हें भुगतान के कई मौके दिए, लेकिन नाकाम रहने पर सख्त रुख अपनाया गया। आखिरकार, उन्हें सरेंडर करना पड़ा। जेल जाने से पहले राजपाल ने एक भावुक वीडियो भी जारी किया था, जिसके बाद बॉलीवुड के कई सितारों ने उनकी मदद के लिए हाथ बढ़ाया था।