Up kiran,Digital Desk : भारतीय बैडमिंटन की ओलंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल ने अपने खेल करियर से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 2023 सिंगापुर ओपन के बाद वह किसी बड़े टूर्नामेंट में नहीं खेली और अब एक पॉडकास्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट की पुष्टि की। उनके संन्यास की खबर के बाद क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने साइना को उनके अभूतपूर्व करियर के लिए बधाई दी।
विराट कोहली का संदेश
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने एक्स पर लिखा, "साइना नेहवाल को एक शानदार करियर के लिए बधाई। उन्होंने भारतीय बैडमिंटन को दुनिया के मंच पर पहुंचाया। आपको एक खुशहाल और संतोषजनक रिटायरमेंट की शुभकामनाएं। भारत को आप पर गर्व है।"
सचिन तेंदुलकर का भावुक संदेश
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लिखा, "प्रिय साइना, आपका करियर यह साबित करता है कि महानता एक दिन में नहीं बनती, बल्कि धैर्य, हिम्मत और निरंतरता से हासिल होती है। आपने भारतीय बैडमिंटन को विश्व मंच पर पहुंचाया और युवा खिलाड़ियों को यह यकीन दिलाया कि दुनिया में सफलता पाना संभव है। आपका अनुभव और खेल के प्रति प्रेम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।"
साइना ने क्यों लिया संन्यास?
साइना ने कहा कि उनका शरीर अब पहले जैसा साथ नहीं दे रहा था। उन्होंने बताया, "मेरा घुटना अब ज्यादा समय तक सहन नहीं कर पाता। दिन में आठ-नौ घंटे की ट्रेनिंग करना संभव नहीं था। अब मेरा घुटना कुछ ही घंटों में सूज जाता था। तब लगा कि अब काफी है, मैं आगे नहीं बढ़ सकती।"
साइना की उपलब्धियां
साइना ने 2023 सिंगापुर ओपन के बाद से बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया और पेरिस ओलंपिक भी मिस कर दिया। वह भारत की पहली ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी हैं और लंबे समय तक विश्व रैंकिंग में शीर्ष पर रही हैं। उनके योगदान ने भारतीय बैडमिंटन को नई ऊंचाई पर पहुंचाया।




