img

Up kiran,Digital Desk : दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर के परिवार में संपत्ति विवाद सामने आया है। संजय कपूर की 80 वर्षीय मां रानी कपूर ने अपनी बहू प्रिया सचदेव कपूर और करिश्मा कपूर के बच्चों के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर किया है। रानी कपूर का आरोप है कि प्रिया और अन्य परिवारजन मिलकर एक धोखाधड़ीपूर्ण फैमिली ट्रस्ट बनाए, जिसके जरिए उनकी संपत्ति, पारिवारिक विरासत और सोना ग्रुप की प्रमुख कंपनियों पर नियंत्रण गैरकानूनी तरीके से हड़प लिया गया।

ट्रस्ट को फर्जी और अमान्य ठहराने की मांग

रानी कपूर ने याचिका में ट्रस्ट को फर्जी, अमान्य और शून्य घोषित करने की मांग की है। याचिका के अनुसार, वे अपने दिवंगत पति डॉ. सुरिंदर कपूर की संपत्ति की एकमात्र वारिस और लाभार्थी हैं। डॉ. सुरिंदर कपूर ने 6 फरवरी 2013 को अपनी वसीयत बनाई थी, जिसमें पूरी संपत्ति रानी कपूर को सौंपी गई थी। जनवरी 2016 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने इसे प्रमाणित किया था, जिसमें उनके तीनों बच्चों ने कोई आपत्ति नहीं जताई।

इसके बावजूद अक्टूबर 2017 के आसपास, उनके सहमति के बिना संपत्ति को ट्रस्ट में स्थानांतरित कर दिया गया। रानी कपूर का दावा है कि संजय कपूर की जून 2025 में मृत्यु के तुरंत बाद, प्रिया कपूर ने सोना ग्रुप की कंपनियों पर नियंत्रण हासिल करने के लिए तेज कदम उठाए।

प्रिया कपूर ने भी दर्ज कराया बयान

इसी बीच, पटियाला हाउस कोर्ट में प्रिया सचदेव कपूर ने अपनी ननद मंधिरा कपूर स्मिथ के खिलाफ दायर आपराधिक मानहानि मामले में बयान दर्ज कराया। विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश हुई प्रिया ने इन-कैमरा सुनवाई का अनुरोध किया, जिसे मंजूर कर लिया गया। उन्होंने कोर्ट को बताया कि मंधिरा द्वारा पॉडकास्ट, सोशल मीडिया और इंटरव्यू में लगाए गए आरोपों से उन्हें गंभीर मानसिक पीड़ा हुई है। प्रिया ने इन आरोपों को बेबुनियाद और अपनी छवि को नुकसान पहुंचाने की नीयत से लगाए गए बताया।