10 साल की कड़ी मेहनत रंग लाई, जानिए कौन हैं MP के सारांश जैन जिन्हें मिला भारतीय टेस्ट टीम में मौका
श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। इस 15 सदस्यीय स्क्वॉड में सबसे हैरान करने वाला और सुखद नाम मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन का है, जिन्हें पहली बार सीनियर भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
इसके अलावा टीम में स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की वापसी हुई है। वहीं ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन का खेलना BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) से मिलने वाली फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।
कौन हैं सरप्राइज एंट्री करने वाले सारांश जैन?
33 वर्षीय सारांश जैन दाएं हाथ के शानदार ऑफ-स्पिनर होने के साथ-साथ निचले क्रम के बेहतरीन बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं। घरेलू क्रिकेट में एक दशक से अधिक समय तक लगातार पसीना बहाने के बाद उन्हें यह राष्ट्रीय बुलावा मिला है। हाल ही में श्रीलंका ए के खिलाफ इंडिया ए के दौरे पर उनके हरफनमौला प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। इंडिया ए की ओर से खेलते हुए दूसरे अनौपचारिक टेस्ट में उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 2 विकेट झटके, साथ ही नाबाद 70 रनों की उम्दा पारी खेलकर भारत को 10 विकेट से मैच और 1-0 से सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।
घरेलू क्रिकेट में ऐसा रहा है सारांश का दमदार रिकॉर्ड
मध्य प्रदेश की रणजी टीम के रीढ़ माने जाने वाले सारांश जैन का फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बेहद प्रभावशाली है। उन्होंने अब तक खेले 54 फर्स्ट-क्लास मुकाबलों में 27.3 की शानदार औसत से 188 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए 31.75 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।
दलीप ट्रॉफी से रणजी तक: गेंद और बल्ले से ढाया कहर
सारांश का हालिया फॉर्म बेहद लाजवाब रहा है। पिछले साल सितंबर में सेंट्रल जोन को दलीप ट्रॉफी का खिताब जिताने में उनका बहुत बड़ा योगदान था, जहाँ उन्होंने महज दो मैचों में 16 विकेट लिए और 136 रन बनाए थे। इसके बाद 2025-26 के रणजी ट्रॉफी सीजन में भी उनका जलवा कायम रहा, जहाँ उन्होंने 57.55 के धमाकेदार औसत से 518 रन बनाए और गेंदबाजी में 20.43 की किफायती औसत से 30 विकेट अपने नाम किए। इसी निरंतरता का इनाम आज उन्हें भारतीय टेस्ट टीम के रूप में मिला है।