2 मैच, 2 जीत, 36 गोल! Asian Games में भारतीय महिला हॉकी का तूफानी आगाज

2 मैच, 2 जीत, 36 गोल! Asian Games में भारतीय महिला हॉकी का तूफानी आगाज

जापान में आयोजित हो रहे एशियाई खेल 2026 (Asian Games 2026) में भारतीय महिला हॉकी टीम का अजेय और आक्रामक अभियान पूरे उफान पर है। गिफू प्रेफेक्चरल ग्रीन स्टेडियम में सोमवार को खेले गए पूल-बी के अपने दूसरे लीग मैच में भारत ने इंडोनेशिया को 17-1 के विशाल अंतर से धूल चटा दी।

टूर्नामेंट के अपने शुरुआती मैच में उज्बेकिस्तान को 19-0 से करारी शिकस्त देने के बाद कोच शोर्ड मारिन के मार्गदर्शन में उतरी भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी एकतरफा जीत है। भारतीय फॉरवर्ड्स ने पहले मिनट से ही इंडोनेशियाई डिफेंस को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया।

मैदान पर बरसे 17 गोल: दीपिका, नवनीत और ऋतुजा ने जमाई हैट्रिक

मैच की पहली सीटी बजते ही भारतीय आक्रमण पंक्ति ने इंडोनेशियाई पाले पर अनवरत हमले शुरू कर दिए। भारत की स्टार स्ट्राइकर दीपिका, नवनीत कौर और ऋतुजा पिसाल ने पूरे मैदान पर अपनी गति और स्टिक वर्क का जादू बिखेरते हुए शानदार हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा युवा सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी और साक्षी राणा ने दो-दो गोल दागकर स्कोरबोर्ड को विशाल रूप देने में अहम भूमिका निभाई। टीम की कप्तान सलीमा टेटे और डिफेंडर इशिका ने भी एक-एक बार गेंद को नेट में डालकर जीत का अंतर और बढ़ा दिया।

तीसरे क्वार्टर में इंडोनेशिया को मिला एकमात्र सांत्वना गोल

पूरे मुकाबले में लगभग मूकदर्शक बनी रही इंडोनेशियाई टीम को मैच के तीसरे क्वार्टर में राहत का एक मौका मिला। जवाबी हमले में इंडोनेशिया की खिलाड़ी इन्नेस आदित्य ने नियर पोस्ट से सटीक शॉट लगाकर भारतीय गोलकीपर बिचू देवी को छकाते हुए अपनी टीम का खाता खोला। हालांकि, इस इकलौते गोल के अलावा पूरे 60 मिनट के खेल में इंडोनेशिया भारतीय डिफेंस और मिडफील्ड को भेदने में नाकाम रहा और भारतीय गोलपोस्ट पर कोई गंभीर खतरा पैदा नहीं कर सका।

चौथे क्वार्टर में नवनीत का पॉवरफुल शॉट, +35 गोल अंतर के साथ भारत शीर्ष पर

मैच के चौथे और अंतिम क्वार्टर में स्टार फारवर्ड नवनीत कौर ने बॉटम-लेफ्ट कॉर्नर में अपनी जादुई बैकहैंड पावर-ड्राइव से गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की 17-1 की जीत पर औपचारिक मुहर लगा दी। दो मैचों में लगातार दो बड़ी जीतों के साथ भारतीय टीम 6 अंक और +35 के अविश्वसनीय गोल अंतर (Goal Difference) के साथ पूल-बी की अंक तालिका में मजबूती से शीर्ष पायदान पर विराजमान हो गई है। आगामी मुकाबलों में भारतीय टीम के सामने और अधिक मजबूत प्रतिद्वंद्वी होंगे, लेकिन शुरुआती दो मैचों के इस प्रदर्शन ने स्वर्ण पदक की उम्मीदों को बेहद मजबूत कर दिया है।