'मैक्सी' के तूफानी सफर का अंत, ग्लेन मैक्सवेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट को कहा अलविदा
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे विस्फोटक और मैच विनर खिलाड़ियों में शुमार ग्लेन मैक्सवेल ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों को पूरी तरह अलविदा कह दिया। अपनी आक्रामक और बेखौफ बल्लेबाजी से दुनिया भर के गेंदबाजों के मन में खौफ पैदा करने वाले 38 वर्षीय इस ऑलराउंडर के फैसले के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के एक बेहद सुनहरे दौर का अंत हो गया है। मैक्सवेल 2015 और 2023 में 50 ओवर का आईसीसी वर्ल्ड कप जीतने वाली कंगारू टीम के सबसे अहम स्तंभों में शामिल रहे हैं।
मैक्सवेल के अंतरराष्ट्रीय सफर का आगाज अगस्त 2012 में अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे मुकाबले से हुआ था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 149 एकदिवसीय मैच खेले, जिसमें 3,990 रन बनाए। वनडे में 201 रन की उनकी नाबाद पारी क्रिकेट इतिहास की सबसे चमत्कारिक पारियों में गिनी जाती है, जहां उन्होंने चोटिल होने के बावजूद अकेले दम पर मैच जिताया था। गेंदबाजी में हाथ आजमाते हुए उन्होंने 47.32 के औसत से 77 विकेट भी अपने नाम किए, जिसमें 40 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा।
सीमित ओवरों के सबसे छोटे प्रारूप टी20 इंटरनेशनल में मैक्सवेल का प्रभाव और भी घातक साबित हुआ। सितंबर 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 डेब्यू करने वाले मैक्सवेल ने 130 मैचों में 2,897 रन ठोके और 51 शिकार किए। इस फॉर्मेट में नाबाद 145 रन उनका शीर्ष व्यक्तिगत स्कोर रहा, जबकि 10 रन देकर 3 विकेट उनकी बेस्ट बॉलिंग रही। साल 2021 में एरोन फिंच की अगुवाई में जब ऑस्ट्रेलिया ने यूएई में टी20 वर्ल्ड कप जीता, तब फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 गेंदों में नाबाद 28 रन बनाकर मैक्सवेल ने ही विजयी चौका जड़ा था।
टेस्ट क्रिकेट में मैक्सवेल ने साल 2013 में भारत के खिलाफ पदार्पण किया था। अपने करियर में 7 टेस्ट मैच खेलते हुए उन्होंने रांची में भारत के खिलाफ शानदार 104 रनों की शतकीय पारी खेली, जो टेस्ट में उनका सर्वोच्च स्कोर बना, जबकि गेंदबाजी में 127 रन देकर 4 विकेट उनका बेस्ट स्पेल रहा। जून 2025 में उन्होंने वनडे क्रिकेट से दूरी बना ली थी और हाल के महीनों में गिरती फॉर्म को लेकर चर्चाएं तेज थीं। पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने भी हाल ही में संकेत दिया था कि मैक्सवेल का इंटरनेशनल करियर अब अंतिम पड़ाव पर है। आखिरकार इस हरफनमौला खिलाड़ी ने अपने पूरे इंटरनेशनल करियर पर आधिकारिक विराम लगा दिया।