इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ने महज 25 साल की उम्र में क्रिकेट को कहा अलविदा, जानें क्यों लिया संन्यास
इंग्लैंड क्रिकेट टीम से एक बेहद चौंकाने वाली और निराशाजनक खबर सामने आई है। युवा तेज गेंदबाज जॉन टर्नर ने पीठ की गंभीर चोट से लंबे समय तक जूझने के बाद मात्र 25 वर्ष की आयु में पेशेवर क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।
टर्नर ने साल 2024 में इंग्लैंड के लिए चार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले थे और कुल तीन विकेट अपने नाम किए थे, लेकिन पीठ में बार-बार होने वाले स्ट्रेस फ्रैक्चर के कारण वे जून 2025 से एक भी पेशेवर मैच नहीं खेल पाए थे।
चोटों से परेशान होकर लिया करियर का सबसे कठिन फैसला
25 वर्षीय जॉन टर्नर के पास पिछले साल के अंत तक इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) का विकास अनुबंध था। इसके अलावा, उन्होंने कुछ समय पहले ही हैम्पशायर के साथ साल 2027 के अंत तक का लंबा अनुबंध साइन किया था, लेकिन लगातार चोटों के चलते वे अधिकांश समय मैदान से बाहर ही रहे। आखिरकार, तमाम मुश्किलों से तंग आकर टर्नर ने एक आधिकारिक बयान जारी कर अपने संन्यास के फैसले की पुष्टि कर दी है।
अपने विदाई संदेश में टर्नर ने कहा, "पेशेवर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलना हमेशा से मेरा सपना था, और हैम्पशायर तथा इंग्लैंड के लिए ऐसा करना मेरे बचपन के सपनों को साकार करने जैसा है। स्ट्रेस फ्रैक्चर, जिसके कारण मैं एक साल से अधिक समय से खेल से दूर रहा, और मेरे चोटों के इतिहास ने मुझे एक क्रिकेटर के रूप में और खेल से परे अपने भविष्य के बारे में सोचने पर मजबूर कर दिया। परिणामस्वरूप, मैंने फैसला किया है कि अब अपनी जीवन की अगली चुनौती का सामना करने का सही समय है।"
दक्षिण अफ्रीका से इंग्लैंड तक का सफर और शानदार प्रदर्शन
जॉन टर्नर के क्रिकेटिंग करियर की बात करें तो वे साल 2021 में दक्षिण अफ्रीका से यूनाइटेड किंगडम शिफ्ट हुए थे और उसी साल उन्होंने हैम्पशायर के लिए वनडे कप में शानदार पदार्पण किया था। उनके करियर का पहला पेशेवर विकेट महान बल्लेबाज एलिस्टेयर कुक के खिलाफ आया था। उन्होंने अपनी गेंदबाजी के दम पर हैम्पशायर के लिए संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में अपनी छाप छोड़ी।
इसके अलावा, श्रीलंका डेवलपमेंट इलेवन के खिलाफ अपने प्रथम श्रेणी पदार्पण मुकाबले में ही उन्होंने पांच विकेट झटके थे। हालांकि, छोटे फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन सबसे ज्यादा असरदार रहा। टर्नर ने साल 2023 के टी20 ब्लास्ट टूर्नामेंट में मात्र 11.76 के शानदार औसत से 21 विकेट चटकाए, जिससे प्रभावित होकर उन्हें उसी साल इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम में चुन लिया गया। उन्होंने 'द हंड्रेड' लीग में ट्रेंट रॉकेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए पांच मैचों में छह विकेट भी लिए थे, लेकिन चोटों ने उनके उभरते हुए करियर पर हमेशा के लिए ब्रेक लगा दिया।