IND vs SL 1st Test: बुमराह बाहर, अब किसे मिलेगा मौका, कप्तान शुभमन गिल ने किया बड़ा खुलासा
भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से गाले के ऐतिहासिक मैदान पर श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के साथ रेड-बॉल क्रिकेट (Red Ball Cricket) में अपनी वापसी कर रही है। मुकाबले से ठीक एक दिन पहले भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया और टीम के कॉम्बिनेशन को लेकर कई अहम जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विशेष रूप से तेज गेंदबाजी आक्रमण को लेकर चल रही दुविधा पर खुलकर बात की।
औकिब नबी रेस से बाहर, इन दो धुरंधरों में कांटे की टक्कर
कप्तान शुभमन गिल ने स्पष्ट कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर के होनहार तेज गेंदबाज औकिब नबी पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन (Playing 11) का हिस्सा नहीं होंगे। ऐसे में अंतिम एकादश में जगह बनाने की असली जंग गुरनूर बराड़ और प्रसिद्ध कृष्णा के बीच है। गिल का मानना है कि दोनों ही गेंदबाज अलग-अलग तरह के हथियारों से लैस हैं, इसलिए किसी एक को बाहर बैठाना टीम मैनेजमेंट के लिए बहुत मुश्किल फैसला होने वाला है।
पुरानी गेंद का जादू vs रफ्तार और उछाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गिल ने दोनों गेंदबाजों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अभ्यास मैच में दोनों ने ही शानदार खेल दिखाया है। गुरनूर बराड़ की खासियत उनकी पुरानी गेंद से बॉलिंग करने की कला है। जब पिच से तेज गेंदबाजों को मदद नहीं मिल रही होती है, तब गुरनूर अपनी पुरानी गेंद से कमाल दिखा सकते हैं।
वहीं दूसरी तरफ, प्रसिद्ध कृष्णा के पास शानदार कद है, जिसका फायदा उन्हें पिच से अतिरिक्त गति और खतरनाक उछाल (Bounce) निकालने में मिलता है। गिल ने इस बात पर जोर दिया कि प्रसिद्ध इस वक्त अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर रहे हैं, चाहे फॉर्मेट कोई भी हो।
युवा गेंदबाजों के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका
गौरतलब है कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह श्रीलंका के खिलाफ इस दो मैचों की टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। 15 सदस्यीय स्क्वाड में बुमराह की जगह ही औकिब नबी को शामिल किया गया था। कप्तान गिल ने बुमराह की अनुपस्थिति को अन्य गेंदबाजों के लिए एक बड़ा अवसर बताया है।
उनका मानना है कि जो भी गेंदबाज इस सीरीज में अपनी उपयोगिता साबित करेगा, उसके लिए आगामी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण सीरीज के लिए टीम इंडिया के दरवाजे खुल सकते हैं।