24 मई के बाद से नहीं खेला एक भी मैच, घरेलू टीम से भी कटे... क्या खत्म होने की कगार पर है हार्दिक का करियर?

24 मई के बाद से नहीं खेला एक भी मैच, घरेलू टीम से भी कटे... क्या खत्म होने की कगार पर है हार्दिक का करियर?

भारतीय क्रिकेट गलियारों में इस समय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के भविष्य को लेकर सरगर्मियां तेज हैं। मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में उनके संभावित ट्रांसफर की चर्चाओं के बीच टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने ऑलराउंडर का जोरदार समर्थन किया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरे वनडे मुकाबले से पहले एक स्पोर्ट्स शो के दौरान शास्त्री ने कहा कि अगर हार्दिक पूरी तरह फिट हों, तो टी20 क्रिकेट में उनसे बड़ा मैच-विनर कोई नहीं है। लंबे ब्रेक के बाद जब वह मैदान पर वापसी करेंगे, तो खुद को साबित करने की उनकी भूख और ज्यादा देखने को मिलेगी।

आईपीएल के आगामी सीजन से पहले यह प्रस्तावित ट्रेड क्रिकेट जगत का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार दोनों फ्रेंचाइजी ने इस डील को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सामने अपनी औपचारिक सहमति दर्ज करा दी है, जिसके तहत स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के मुंबई इंडियंस में शामिल होने की संभावना है। हालांकि, इस अदला-बदली को अभी अंतिम आधिकारिक मंजूरी मिलना बाकी है।

अगर यह ट्रांसफर पूरा होता है, तो मुंबई इंडियंस के साथ हार्दिक के दूसरे अध्याय का भी अंत हो जाएगा। साल 2015 से फ्रेंचाइजी से जुड़े हार्दिक को 2024 में रोहित शर्मा की जगह कप्तानी सौंपी गई थी। हालांकि, उनके नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन मिला-जुला रहा और 2026 के सीजन में टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत दर्ज करके नौवें पायदान पर सिमट गई थी। ऐसे में हार्दिक के जाने के बाद रोहित शर्मा के दोबारा मुंबई की कमान संभालने और तिलक वर्मा को उप-कप्तान बनाए जाने की प्रबल संभावना है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स को मध्यक्रम और टीम संतुलन के लिए एक ऐसे ही धाकड़ सीनियर ऑलराउंडर की सख्त तलाश थी।

इन तमाम चर्चाओं के बीच हार्दिक के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी मैच फिटनेस बनी हुई है। 24 मई के बाद से उन्होंने कोई प्रतिस्पर्धी मुकाबला नहीं खेला है। पीठ में ऐंठन, खिंचाव और दाहिनी पिंडली की चोट के चलते वह ऑस्ट्रेलिया 'ए' के खिलाफ भारत 'ए' की वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड दौरे से बाहर रहे। इतना ही नहीं, 14 नवंबर से शुरू हो रही सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए घोषित बड़ौदा की टीम में भी उन्हें जगह नहीं मिल पाई है, जिससे मैदान पर उनकी वापसी को लेकर संशय बना हुआ है।