सीतापुर में पुलिस मुठभेड़: धनतेरस लूटकांड के 25 हजारी दो बदमाश गोली लगने से ढेर, जेवर और कैश बरामद

सीतापुर में पुलिस मुठभेड़: धनतेरस लूटकांड के 25 हजारी दो बदमाश गोली लगने से ढेर, जेवर और कैश बरामद

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संदना थाना क्षेत्र में मंगलवार की भोर में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने धनतेरस पर सर्राफा व्यापारी के साथ हुई 20 लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड में वांछित 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वारदात बीते धनतेरस की रात की है, जब सिधौली कोतवाली क्षेत्र निवासी सर्राफा कारोबारी विमलेश रस्तोगी इस्माइल गंज स्थित अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मंझारी चौराहे के पास बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला कर नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। इस वारदात के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी ने स्वयं मौके का मुआयना किया था, जबकि एसपी अंकुर अग्रवाल ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया था। मामले में कुछ आरोपियों की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी, लेकिन मुख्य साजिशकर्ता फरार चल रहे थे।

फरार चल रहे लखीमपुर खीरी जिले के गोला गोकर्णनाथ निवासी इरफान और दीपक की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। मंगलवार तड़के मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि दोनों शातिर बदमाश गणेशपुर सरकारी ट्यूबवेल के पास मौजूद हैं। घेराबंदी होते देख बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और बाइक से भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस टीम की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे खेत में गिर पड़े।

सीओ विशाल गुप्ता के मुताबिक, पकड़े गए दोनों बदमाशों के कब्जे से लूटा गया करीब 25 ग्राम सोना, 31 हजार रुपये की नकदी, अवैध असलहे, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में सक्रिय अपराधियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।