मोहम्मद शमी की होने वाली है सियासी पारी? BJP अध्यक्ष से मुलाकात के बाद अटकलें तेज, चहल भी थाम चुके हैं दामन
भारतीय क्रिकेट के गलियारों से निकलकर अब सियासी हलचल में भी सितारों की आमद को लेकर चर्चाएं गरमाने लगी हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के राजनीतिक पारी शुरू करने की अटकलें उस वक्त तेज हो गईं, जब उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। हालांकि, भाजपा की ओर से शमी के पार्टी में शामिल होने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन इस बैठक ने सियासी गलियारों में नई सुगबुगाहट जरूर पैदा कर दी है। जानकारी के मुताबिक, इस मुलाकात के दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष कुंवर बासित अली भी मौजूद रहे।
शमी से जुड़ी यह चर्चा ऐसे समय पर सामने आई है जब ठीक एक हफ्ते पहले ही भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भाजपा का दामन थामा है। पार्टी ने चहल के शामिल होने की पुष्टि करते हुए उन्हें ओबीसी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी है। नई भूमिका मिलने पर चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आभार जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का धन्यवाद किया था। चहल ने हाल ही में लाल गेंद के क्रिकेट से संन्यास लिया है, जबकि वह वनडे और टी20 प्रारूप में भारतीय टीम के लिए खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने वर्ष 2016 में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था।
उधर, 36 वर्षीय मोहम्मद शमी ने 6 नवंबर को टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान किया था। वर्ष 2013 में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले शमी ने अपने लंबे करियर में 64 टेस्ट मैच खेलकर 229 विकेट चटकाए। इनमें छह बार पांच विकेट हॉल का कारनामा भी शामिल है, जो उन्हें भारत के सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाजों में शुमार करता है। नई हो या पुरानी, दोनों तरह की गेंदों से सीम मूवमेंट और स्विंग निकालने की उनकी क्षमता ने विदेशी जमीन पर भारत को कई यादगार जीत दिलाईं। भारत से बाहर खेले गए 41 टेस्ट मैचों में उन्होंने 30.33 की औसत से 145 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी।
लंबे प्रारूप में शमी का आखिरी मुकाबला 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के रूप में रहा। करियर के विभिन्न चरणों में चोटों ने जरूर उन्हें परेशान किया, लेकिन फिट होकर लौटने पर उन्होंने हमेशा टीम के लिए असरदार गेंदबाजी की। टेस्ट को अलविदा कहने के बावजूद शमी ने साफ किया है कि वह सीमित ओवरों यानी वनडे और टी20 क्रिकेट में भारत के लिए खेलने के वास्ते उपलब्ध हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि शमी अपनी खेल यात्रा के साथ-साथ सियासी पिच पर कोई नया कदम उठाते हैं या नहीं।