शादी समारोह पर आसमान से बरसा बारूद! 5 बच्चों समेत 20 की मौत, बिछीं लाशें!

शादी समारोह पर आसमान से बरसा बारूद! 5 बच्चों समेत 20 की मौत, बिछीं लाशें!

म्यांमार में जारी हिंसा और गृहयुद्ध की आग एक बार फिर बेकाबू होती दिख रही है। शनिवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हवाई हमलों और बम धमाकों में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ बीते तीन दिनों के भीतर हुई बमबारी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 60 से अधिक हो गई है। यह भीषण रक्तपात उस घटनाक्रम के ठीक एक हफ्ते बाद सामने आया है, जब अंतरराष्ट्रीय न्यायालय (आईसीजे) ने देश में संभावित जनसंहार को लेकर गंभीर टिप्पणी की थी। सबसे भयावह घटना उत्तर-पूर्वी इलाके के मोग बाय जिले में हुई, जहां एक शादी समारोह को निशाना बनाकर किए गए हमले में करीब 20 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा पश्चिमी राखाइन प्रांत में दो अलग-अलग धमाकों में भी कई लोगों की जान चली गई, जबकि स्वघोषित राष्ट्रीय एकता सरकार (एनयूजी) के अनुसार गुरुवार को मध्य म्यांमार में हुए हमलों में 29 लोग मारे गए थे।

मोग बाय में हुए हमले के बाद सामने आए चश्मदीदों के वीडियो और बयान इस त्रासदी की भयावहता बयां करते हैं। स्थानीय बचाव दल के एक प्रमुख के मुताबिक इस हमले में 21 लोगों की मौत हुई है, जिनमें पांच मासूम बच्चे भी शामिल हैं। नाम न छापने की शर्त पर एजेंसी से बात करने वाले गवाहों ने बताया कि दो विस्थापित लोगों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, तभी आसमान में एक विमान उड़ता दिखा और कुछ ही पलों बाद वहां बम आ गिरा। वीडियो फुटेज में लहूलुहान घायलों को बदहवास हालत में इलाज के लिए ले जाते देखा जा सकता है।

मौके पर पहुंचे एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाके के बाद वह तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ा, जहां उसने 17 शव देखे और चारों तरफ घायल पड़े थे। वह इतना स्तब्ध और व्यथित था कि उसे यह तक सूझ नहीं रहा था कि पहले किसकी जान बचाई जाए। गवाह के मुताबिक हमले के बाद कई लोग लापता हैं, जिनमें उसकी अपनी भतीजी भी शामिल है, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। इन तीनों हमलों को लेकर म्यांमार की सैन्य सरकार का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

चश्मदीद द्वारा साझा किए गए छह वीडियो में से एक में ज्यादातर घायलों में महिलाएं और बच्चे नजर आ रहे हैं। एक अन्य दिल दहला देने वाले फुटेज में वह खून से सनी एक रोती-बिलखती बच्ची को गोद में लेकर चलता दिखता है, जो बार-बार पूछ रही है कि उसके माता-पिता कहां हैं और उन्हें क्या हुआ है। बच्ची की गुहार पर कि उसकी मां को फोन कर दिया जाए, गवाह उसे शांत कराते हुए कहता है कि वह मां को फोन जरूर करेगा, लेकिन पहले उसे उपचार के लिए क्लिनिक चलना होगा।

फरवरी 2021 में हुए सैन्य तख्तापलट के बाद भड़के गृहयुद्ध में यह हालिया हमले सबसे घातक घटनाओं में गिने जा रहे हैं। संघर्ष की निगरानी करने वाली संस्था एकलेड (ACLED) के आंकड़ों के अनुसार, इस संघर्ष में अब तक सभी पक्षों के मिलाकर एक लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। शान और कारेनी राज्यों की सीमा से सटे मोग बाय शहर पर सेना का नियंत्रण है, जबकि इसके बाहरी क्षेत्रों में प्रतिरोधी गुट सक्रिय हैं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक विस्थापन का दंश झेल रहे हैं।