पासपोर्ट टीम के पास, फिर भी चकमा देकर भागा पाकिस्तानी मुक्केबाज; ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में खूब हुई जगंहासई

पासपोर्ट टीम के पास, फिर भी चकमा देकर भागा पाकिस्तानी मुक्केबाज; ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में खूब हुई जगंहासई

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा लेने पहुंची पाकिस्तान की मुक्केबाजी टीम को एक बार फिर शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा है। टीम के स्वदेश लौटने से पहले पाकिस्तानी मुक्केबाज कुदरतुल्लाह के लापता होने की खबर सामने आई है। इस घटना ने पाकिस्तान के खेल प्रबंधन और खिलाड़ियों के विदेशों में गायब होने की पुरानी घटनाओं को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

पुरुष 60 किलोग्राम वर्ग में खेलने वाले कुदरतुल्लाह का टूर्नामेंट पहले ही खत्म हो चुका था। वह राउंड ऑफ 16 मुकाबले में उत्तरी आयरलैंड के मुक्केबाज जूड गैलाघर के खिलाफ हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए थे। इसके बाद भी वह टीम के साथ बने हुए थे और स्वदेश वापसी से पहले तक दल के संपर्क में थे।

होटल से गायब हुए कुदरतुल्लाह, जांच में जुटे पाकिस्तानी अधिकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, कॉमनवेल्थ गेम्स के समापन के बाद जब पाकिस्तानी दल वापसी के लिए होटल लॉबी में एकत्र हुआ, तब अधिकारियों को कुदरतुल्लाह के गायब होने का पता चला। टीम मैनेजमेंट ने जब उनके कमरे की जांच की तो वह वहां मौजूद नहीं थे।

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कुदरतुल्लाह को आखिरी बार रात करीब 2 बजे होटल के कमरे में देखा गया था। टीम की योजना सुबह 9 बजे होटल से एयरपोर्ट के लिए रवाना होने की थी, लेकिन इससे पहले ही उनके लापता होने की जानकारी सामने आ गई।

पीटीआई से बातचीत करने वाले एक सूत्र ने बताया, "सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि कुदरतुल्लाह का पासपोर्ट टीम मैनेजर के पास था, फिर भी वह होटल से गायब हो गए।"

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि उनका पासपोर्ट और वापसी का हवाई टिकट दोनों टीम मैनेजर के पास सुरक्षित थे।

पाकिस्तान के मुक्केबाजों के लापता होने का पुराना रिकॉर्ड

कुदरतुल्लाह की घटना पहली नहीं है, जब पाकिस्तान के किसी मुक्केबाज के विदेश दौरे के दौरान लापता होने की खबर सामने आई हो। इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान के खिलाड़ियों के गायब होने के मामले सामने आते रहे हैं।

2022 में बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स के दौरान पाकिस्तानी मुक्केबाज सुलेमान बलूच और नजीरुल्लाह खान के लापता होने की खबर आई थी। उस समय भी उनके पासपोर्ट पाकिस्तानी दल के अधिकारियों के पास बताए गए थे।

इसके अलावा 2024 में इटली में आयोजित विश्व ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जोहेब रशीद के गायब होने का मामला सामने आया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन पर अपने रूममेट्स के विदेशी मुद्रा और कीमती सामान लेने के आरोप लगे थे, जिसके बाद वह बुस्टो आर्सीजियो शहर से गायब हो गए थे।

Tags:

Latest Posts